बेमेतरा जिले ने शिक्षा के क्षेत्र में लगातार दूसरी बार राज्य में पहला स्थान हासिल किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 12 शिक्षकों को ‘एफएलएन वॉरियर्स’ सम्मान से नवाजा जाएगा।

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्टता का परचम लहराते हुए पूरे राज्य में पहला स्थान हासिल किया है। लगातार दूसरे वर्ष इस उपलब्धि को दोहराते हुए जिले के 12 शिक्षकों का चयन ‘एफएलएन वॉरियर्स’ सम्मान के लिए हुआ है, जो 5 अप्रैल को दुर्ग में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किए जाएंगे।

मिली जानकारी के अनुसार, एफएलएन सह नवाजतन पहल के अंतर्गत जिले के शिक्षकों ने इस वर्ष भी शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में अव्वल स्थान प्राप्त किया है। पिछले वर्ष की सफलता को बरकरार रखते हुए इस बार भी बेमेतरा के शिक्षकों ने अपनी गुणवत्ता और नवाचार से राज्य स्तर पर पहचान बनाई है।

प्रदेश के सभी 33 जिलों के शिक्षक हुए शामिल 
इस उपलब्धि के तहत जिले के सर्वाधिक 12 शिक्षकों को 5 अप्रैल को दुर्ग के खालसा पब्लिक स्कूल में आयोजित समारोह में शिक्षामंत्री गजेंद्र यादव की उपस्थिति में ‘एफएलएन वॉरियर्स’ सम्मान से नवाजा जाएगा। दरअसल, सितंबर 2025 में जिले के 51 शिक्षकों ने बच्चों की शिक्षा गुणवत्ता सुधारने और उनकी प्रतिभा निखारने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय चुनौती में स्वेच्छा से भाग लिया था। यह पहल किसी सरकारी आदेश के तहत नहीं, बल्कि शिक्षकों की स्वप्रेरित योजना के रूप में शुरू हुई, जिसमें प्रदेश के सभी 33 जिलों के शिक्षक शामिल हुए।

12 शिक्षकों का चयन ‘वारियर्स’ के रूप में हुआ
तीन चरणों की कठिन प्रक्रिया- ऑनलाइन-ऑफलाइन आकलन, वर्षभर की गतिविधियों का दस्तावेजीकरण और ऑनलाइन साक्षात्कार से गुजरने के बाद 12 शिक्षकों का चयन ‘वारियर्स’ के रूप में हुआ। इस प्रक्रिया में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत बुनियादी साक्षरता, गणितीय दक्षता, समूह आधारित सीखने, टेक्नोलॉजी के उपयोग और नवाचार जैसे पहलुओं का मूल्यांकन किया गया।

सुकमा और महासमुंद में भी आकलन की सौंपी गई जिम्मेदारी 
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) बेमेतरा के प्राचार्य जे.के. घृतलहरे और व्याख्याता थलज कुमार साहू के मार्गदर्शन में कोर टीम ने जिले के चारों विकासखंडों में आकलन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संचालित किया। बेमेतरा की सक्रियता को देखते हुए टीम को अन्य जिलों- सुकमा और महासमुंद में भी आकलन की जिम्मेदारी सौंपी गई।

ये शिक्षक-शिक्षिकाएं हुए शामिल
सम्मानित होने वाले शिक्षकों में चुनेश्वरी कौशल, दीपिका वर्मा, आशीष वर्मा, धन्ना साहू, माया वर्मा, रमा तरार, राजनंदिनी, जोगीराम वर्मा, अमरप्रीत कौर, कमला राव, रागिनी शर्मा और प्रेक्षा साहू शामिल हैं। इस उपलब्धि पर डाइट प्राचार्य, जिला शिक्षा अधिकारी सहित सभी शिक्षा अधिकारियों ने चयनित शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomiया प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)