मनहरण सोनवानी- बसना। छत्तीसगढ़ के बसना क्षेत्र में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में भंवरपुर चौकी पुलिस और सरायपाली पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब कारोबार पर बड़ी चोट की है। दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पहली कार्रवाई में 50 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त
मिली जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई में भंवरपुर चौकी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम कलमीदादर में दबिश दी। यहां से करीब 50 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई जा रही है। इस मामले में आरोपी कुमार सिदार को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दूसरी कार्रवाई में 167 नग गोल्डन गोवा अंग्रेजी शराब बरामद
वहीं दूसरी बड़ी कार्रवाई सरायपाली पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने ग्राम अवलाचक्का में की। यहां आरोपी रतिराम सिदार के कब्जे से 167 नग (30.060 लीटर) गोल्डन गोवा अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल कीमत करीब 20,040 रुपये आंकी गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत जेल भेज दिया गया है।
कारोबारियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है, जिससे नशे के अवैध नेटवर्क पर लगाम कसने की कोशिश की जा रही है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)