कृष्ण कुमार यादव- बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक बेहद चिंताजनक और मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां चोरी के शक में एक युवक को ग्रामीणों ने तालिबानी सजा दे दी। भीड़ ने कानून अपने हाथ में लेते हुए युवक की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के डूमरपानी गांव का है। यहां एक युवक पर सरसों और करीब 300 रुपये नगद चोरी करने का आरोप लगाया गया था। इसी शक के आधार पर ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उसके सिर के कुछ हिस्से के बाल भी जबरन छील दिए गए और कपड़े तक फाड़ दिए गए।
बेटे को बचाने गए माता-पिता की भी ग्रामीणों ने करदी पिटाई
घटना तब और गंभीर हो गई जब युवक के माता-पिता अपने बेटे को छुड़ाने गांव पहुंचे। आरोप है कि, ग्रामीणों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस पूरे घटनाक्रम में युवक को गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।