कृष्ण कुमार यादव - बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड के हंसपुर गांव में अवैध बॉक्साइट खनन की जांच के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि प्रशासनिक टीम पर तीन ग्रामीणों से मारपीट का संगीन आरोप लग गया। घटना में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल बताए गए हैं। मामले ने राजनीतिक सरगर्मी भी बढ़ा दी है। फिलहाल SDM समेत चार लोगों को हिरासत में लिया गया है और गांव से लेकर अस्पताल तक भारी पुलिस बल तैनात है।
हंसपुर में अवैध खनन की जांच के दौरान बवाल
रविवार देर रात राजस्व विभाग की टीम हंसपुर में अवैध बॉक्साइट उत्खनन की सूचना पर पहुंची। टीम में कुसमी SDM करूण डहरिया, नायब तहसीलदार पारस शर्मा और उनके साथ मौजूद स्थानीय युवक शामिल थे। बताया गया कि जांच के दौरान तीन ग्रामीण- राम नरेश राम (60), अजीत उरांव (60) और आकाश अगरिया (20) सरना के पास मिले, जहां कथित रूप से विवाद बढ़ गया।
ग्रामीणों का आरोप: लाठी-डंडों से की गई पिटाई
घायल ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि, वे गेहूं के खेत की सिंचाई कर लौट रहे थे तभी SDM और टीम ने उन्हें रोका। पूछताछ के बाद टीम के सदस्यों ने लाठी, डंडे और लात-घूंसे से पिटाई की। पिटाई के बाद तीनों को जबरन गाड़ी में बैठाकर कुसमी ले जाया गया। रास्ते में बुजुर्ग राम नरेश राम की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए।

इलाज दौरान एक की मौत, दो घायल भर्ती
तीनों को कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां इलाज के दौरान राम नरेश की मौत हो गई। अजीत उरांव और आकाश अगरिया अभी भी उपचाररत हैं। घटना के बाद अस्पताल और थाना परिसर में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
SDM सहित चार लोग हिरासत में
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने SDM करूण डहरिया, नायब तहसीलदार पारस शर्मा और उनके साथ मौजूद युवकों को हिरासत में लिया है। हालांकि अभी तक FIR दर्ज नहीं की गई है। बलरामपुर एडिशनल एसपी विश्वदीपक त्रिपाठी भी जांच के लिए मौके पर पहुंचे हैं। अंबिकापुर से फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
अवैध उत्खनन और ब्लैकमेलिंग की थी सूचना
सूत्रों के अनुसार हंसपुर गांव में अवैध बक्साइट उत्खनन चल रहा था और ग्रामीणों द्वारा एक ट्रक पकड़कर ब्लैकमेलिंग की कोशिश की जा रही थी। इसी सूचना पर SDM टीम मौके पर पहुंची थी। बताया गया कि अधिकारी बिना सुरक्षा कर्मियों के और निजी युवकों के साथ वहां पहुंचे थे, जिससे विवाद और बढ़ गया।
मामले ने बढ़ाई तनाव की स्थिति, जांच जारी
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने एहतियातन बल तैनात किया है। राजपुर थाने में SDM और अन्य आरोपियों को रखा गया है। जल्द ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।










