कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में जादू-मंतर के नाम पर पैसा कई गुना बढ़ाने का लालच देकर लोगों से लाखों रुपये ठगने वाले पिता-पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने दो अलग-अलग मामलों में कुल 5 लाख रु की धोखाधड़ी की थी और पैसे वापस मांगने पर पीड़ितों को जान से मारने की धमकी भी देते थे।
ग्राम बलौदी निवासी नोहर यादव (57) ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2022 में आरोपी पिता-पुत्र उसके घर आए और जादू-मंतर से पैसा कई गुना करने का झांसा देकर 18 अक्टूबर 2022 को ₹3 लाख नगद ले लिए। बाद में पैसा लौटाने से इनकार कर दिया। इस पर थाना पलारी में अपराध क्रमांक 452/2025 धारा 420, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया।
यह है दूसरा मामला
ग्राम रामपुर निवासी पराग कटियार ने बताया कि आरोपियों ने 2 नवंबर 2022 को 2 लाख रु लेकर पैसा दोगुना करने का झांसा दिया। पैसा वापस मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 454/2025 धारा 420, 506, 34 भादवि के तहत केस दर्ज किया गया।
पूछताछ में कबूल की ठगी
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने दोनो पीड़ितों से कुल 5 लाख रु लेकर धोखाधड़ी करना स्वीकार किया। उनके पास से एक मोबाइल और 5000 नगद जब्त किया गया है।









