कुश अग्रवाल - बलौदाबाजार। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक बड़ी सुविधा शुरू की गई है। अब पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को राशन और इलेक्ट्रॉनिक्स सामान बाजार से सस्ती दरों पर मिलेगा। पुलिस वेलफेयर सोसायटी के माध्यम से संचालित नई पुलिस ड्राई कैंटीन का शुभारंभ किया गया है।
नवनिर्मित भवन में हुआ उद्घाटन
18 अप्रैल को पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप के पास बने नए भवन में इस ड्राई कैंटीन का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर कुलदीप शर्मा, एसपी भावना गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष आनंद यादव और योगेश अग्रवाल मौजूद रहे। अतिथियों ने रिबन काटकर और पूजा-अर्चना कर कैंटीन का शुभारंभ किया।
सिर्फ पुलिस परिवारों को मिलेगा लाभ
यह कैंटीन विशेष रूप से पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के लिए बनाई गई है। आम नागरिकों को इस सुविधा का लाभ नहीं मिलेगा। जिले के लगभग 1000 पुलिस परिवार इस योजना से सीधे लाभान्वित होंगे। कैंटीन में राशन सामग्री बाजार की तुलना में 10 से 30 प्रतिशत तक सस्ती दरों पर उपलब्ध होगी। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स सामान पर भी आकर्षक छूट दी जाएगी, जिससे पुलिस परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी।
3 महीने में तैयार हुआ नया भवन
गौरतलब है कि वर्ष 2018 में पुलिस लाइन के पुराने भवन में ड्राई कैंटीन की शुरुआत हुई थी, लेकिन जगह की कमी के कारण संचालन में दिक्कतें आ रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए महज 3 महीने में नए भवन का निर्माण कर इसे शुरू किया गया।
कल्याणकारी गतिविधियों में होगा उपयोग
उद्घाटन के बाद एसपी भावना गुप्ता ने स्वयं कैंटीन से खरीदारी कर गुणवत्ता और कीमतों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि कैंटीन से होने वाली आय को पुलिस कल्याणकारी गतिविधियों में खर्च किया जाएगा, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को और अधिक सुविधाएं मिलेंगी। यह पहल न केवल पुलिसकर्मियों के लिए सुविधा प्रदान करती है, बल्कि उनके कल्याण और मनोबल को बढ़ाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)