बलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र में ग्रामीणों ने आधी रात अवैध रेत से भरी दो हाइवा पकड़ ली। चालक मौके से फरार हो गए, जबकि खनिज विभाग ने वाहनों को जब्त कर लिया।

कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। गिधपुरी थाना क्षेत्र में ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभालते हुए आधी रात कार्रवाई की और रेत से भरी हाईवा को पकड़कर प्रशासन को सूचना दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, गिधपुरी थाना क्षेत्र में बीती रात ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए अवैध रेत परिवहन कर रही दो हाइवा को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि, महानदी से नियम विरुद्ध रात के समय रेत की खुदाई कर उसे परिवहन किया जा रहा था।

चालक मौके से गाड़ी छोड़कर फरार
वहीं जैसे ही ग्रामीणों को इसकी भनक लगी, उन्होंने मौके पर पहुंचकर दोनों हाइवा को रोक लिया। हालांकि, ग्रामीणों की कार्रवाई देख चालक मौके से गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल खनिज विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी। शिकायत मिलने पर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दोनों हाइवा को जब्त कर लिया।

सड़कों की हालत भी हो रही खराब
ग्रामीणों का आरोप है कि, क्षेत्र में लंबे समय से रात के अंधेरे में अवैध रेत खनन का खेल चल रहा है। ओवरलोड हाइवा के कारण सड़कों की हालत भी लगातार खराब होती जा रही है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।