कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। हरिभूमि डॉट कॉम की एक और खबर का जमीनी असर दिखा है। बलौदाबाजार जिले में महानदी में अवैध टोल वसूली पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
उल्लेखनीय है कि, बलौदा बाजार में महानदी के अंदर अस्थायी रपटा बनाकर नाका लगाकर की अवैध वसूली किए जाने संबंधी खबर हरिभूमि डाट काम ने गुरुवार को ही प्रकाशित की थी। इस खबर के प्रकाशन के 24 घंटे के भीतर ही प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
मौके पर पहुंची राजस्व विभाग की टीम
कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर एसडीएम बलौदाबाजार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए नदी में बनाए गए नाका और अस्थायी रपटा को हटवा दिया।
बलौदाबाजार जिले में महानदी के बीच मिट्टी डालकर बनाए गए अस्थायी रपटा पर अवैध टोल बैरियर लगाकर राहगीरों से 30 से 150 रुपये तक वसूली की जा रही है। @BalodaBazarDist #ChhattisgarhNews pic.twitter.com/Yh02pOMCOm
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 12, 2026
चंगोरी और छेछर के बीच चल रही थी अवैध वसूली
बता दें कि, लवन तहसील के ग्राम चंगोरी और कसडोल तहसील के ग्राम छेछर के बीच महानदी पर अस्थायी रपटा बनाकर राहगीरों से अवैध वसूली की जा रही थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने तुरंत निरीक्षण कर कार्रवाई की।
बिना अनुमति नहीं हो सकता निर्माण
इधर पर्यावरण नियमों के मुताबिक, नदी के भीतर किसी भी प्रकार का निर्माण करने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनुमति जरूरी होती है और एनजीटी के नियमों के तहत बिना अनुमति नदी में निर्माण नहीं किया जा सकता। इसके बावजूद महानदी के बीच मिट्टी डालकर रपटा बना दिया गया है।








