छत्तीसगढ़ में सतनामी समाज के पूजनीय गुरु घासीदास की तपोभूमि गिरौदपुरी बलौदाबाजार जिले में स्थित है। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब यहां पदयात्रा निकालने जा रहे हैं।

कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ शासन में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब बलौदा बाजार जिले में स्थित गुरु घासीदास की तपोभूमि गिरौदपुरी धाम तक सतनाम सद्भावना पद यात्रा का आयोजन कर रहे हैं। “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान” की थीम के साथ गुरु घासीदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से  छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री गुरु खुशवंत साहिब के नेतृत्व में 140 किलोमीटर लंबी सतनाम संदेश पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। 

18 फरवरी से प्रारंभ होकर 22 फरवरी को संपन्न होगी पदयात्रा
यह पदयात्रा 18 फरवरी से प्रारंभ होकर 22 फरवरी तक चलेगी। यात्रा की शुरुआत रायपुर के मोवा स्थित सतनाम भवन से होगी और लगभग 140 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए गिरौदपुरी पहुंचकर 22 फरवरी को समाप्त होगी। इस पदयात्रा में हजारों सतनाम धर्म अनुयायियों के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न समाजों के लोग भी शामिल होंगे। यात्रा का मुख्य उद्देश्य गुरु घासीदास बाबा के समानता, भाईचारा और मानवता के संदेश को पूरे देश में फैलाना है। 

गिरौदपुरी में तीन दिवसीय मेला 22 फरवरी से 
बता दें कि, 22 फरवरी से ही गुरु घासीदास जी की जन्मस्थली गिरौदपुरी में तीन दिवसीय विशाल मेला भी लगेगा, जो 22 से 24 फरवरी तक चलेगा। मेले के पहले दिन ही पदयात्रा गिरौदपुरी पहुंचेगी। यह पदयात्रा रायपुर से निकलकर सारा गांव, खरोरा, केसला, भैंस, सैंडी, पलारी, अमेरा, पनगांव, लाहौद, लवन, कसडोल होते हुए आगे बढ़ेगी। पदयात्रा और मेले की तैयारियों को लेकर गुरु खुशवंत साहिब समाज के लोगों के साथ बैठक कर चुके हैं और इसकी तैयारियां भी तेजी से जारी हैं।