राहुल भूतड़ा- बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद नगर में अमापारा नहर के पास मामूली विवाद से शुरू हुई बहस चाकूबाजी में बदल गई। घटना में एक युवक घायल हो गया, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
मामूली विवाद बना हमले की वजह
सूत्रों के अनुसार, आरोपियों और पीड़ित युवक के बीच किसी छोटी सी बात को लेकर विवाद हुआ था। बात बढ़ने पर आरोपियों ने पेन वाले चाकू से युवक पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग शामिल
बालोद सिटी कोतवाली पुलिस ने घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग भी है, जिसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज जारी
हमले में घायल युवक को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार युवक की स्थिति स्थिर बताई गई है।
पुलिस की त्वरित कार्यवाही
सिटी कोतवाली पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और कुछ ही देर में आरोपियों को पकड़ लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।