वैलेंटाइन डे मनाने से रोकने बजरंग दल के कार्यकर्ता एक दिन पूर्व से सक्रिय हो गए हैं।

रायपुर। वैलेंटाइन डे मनाने से रोकने बजरंग दल के कार्यकर्ता एक दिन पूर्व से सक्रिय हो गए हैं। बजरंग दल के कार्यकर्ता शुक्रवार को राजीव गांधी स्मृति वन सहित अन्य पार्क पहुंचे और प्रेमी जोड़ों को समझाइश देने के साथ हनुमान चालीसा का वितरण किया। बजरंग दल के नेताओं ने शनिवार को शहर के सभी पार्क की निगरानी करने के साथ प्रेमी जोड़ों को अश्लील हरकत करते पाए जाने पर दंड देने की चेतावनी दी है।

वैलेंटाइन डे के दिन किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने रायपुर पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। पुलिस कमिश्नर ने तीनों जोन के डीसीपी को अपने क्षेत्र के पार्क तथा सार्वजनिक स्थान पर पुलिस बल की तैनाती करने के साथ असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।

सादी वर्दी में भी तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी
वैलेंटाइन डे के दिन किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने शहर के सभी उद्यान तथा सार्वजनिक स्थानों पर महिला के साथ पुरुष पुलिस कर्मियों की सादी वर्दी में तैनाती की जाएगी। संवेदनशील गार्डन तथा सार्वजनिक स्थानों की विशेष निगरानी करने पुलिस ने चेतावनी दी है। पुलिस कमिश्नरेट के नार्थ तथा मध्य क्षेत्र सबसे ज्यादा संवेदनशील हैं। ज्यादातर पार्क, मॉल, क्लब तथा होटल इसी क्षेत्र में आते हैं।

पिछली घटना से सबक
पिछले वर्ष 24 दिसंबर को धर्मांतरण के विरोध में रायपुर बंद के दौरान मैग्नोटो मॉल में क्रिसमस डे के अवसर पर तोड़फोड़ की घटना के बाद पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। वैलेंटाइन डे के दिन किसी तरह से उत्पात रोकने पुलिस कमिश्नर ने सभी अफसरों को चेतावनी देते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

हनुमान चालीसा के बाद देंगे दंड
बजरंल के जिला अध्यक्ष योगेश सैनी के अनुसार वैलेंटाइन डे के एक दिन पूर्व कार्यकर्ता राजीव स्मृति वन सहित अन्य उद्यान में पहुंचकर प्रेमी जोड़ों को समझाइश देते हुए उन्हें सनातन धर्म के बारे में जानकारी दी। साथ ही प्रेमी जोड़ों को हनुमान चालीसा दिया। बजरंदल के अध्यक्ष के अनुसार नई युवा पीढ़ी पाश्चात्य संस्कृति से जुड़े पर्व मनाने से बच रही है। वैलेंटाइन डे के दिन बजरंग दल तथा दुर्गा वाहिनी के कार्यकर्ता पाकों की निगरानी करेंगे। पार्क में किसी प्रेमी जोड़े द्वारा अश्लील हरकत पाए जाने पर दंड देने की चेतावनी दी। 

कानून व्यवस्था बनाए रखने पूरी तैयारी
रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने बताया कि, वैलेंटाइन डे के दिन किसी भी तरह की कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। रायपुर कमिश्नरेट के तीनों जोन के डीसीपी ने कानून व्यवस्था बनाए रखने पूरी तैयारी की है।