बर्ड फ्लू की आशंका : मुर्गे-मुर्गियां, चूजे, बटेर, अंडे सहित 34 हजार से अधिक पोल्ट्री उत्पाद को किया गया नष्ट

Baikunthpur, Bird flu, poultry products destroyed, Veterinary and Animal Husbandry Department
X
bird flue
जिला मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित शासकीय कुक्कुट पालन प्रक्षेत्र में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) की पुष्टि होते ही प्रशासन सतर्क हो गया है।

बैकुण्ठपुर। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित शासकीय कुक्कुट पालन प्रक्षेत्र में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) की पुष्टि होते ही प्रशासन सतर्क हो गया है। जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक किमी की परिधि को इन्फेक्टेड जोन और 10 किमी की परिधि को सर्विलांस जोन घोषित कर दिया है।

मंगलवार की सुबह 10:45 बजे कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि बर्ड फ्लू संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए इन्फेक्टेड जोन में पोल्ट्री उत्पादों की आवाजाही पूर्णतः प्रतिबंधित कर दी गई है। वहीं सर्विलेन्स जोन में मुर्गा, अंडा और अन्य पोल्ट्री उत्पादों के बाजार एवं दुकानों को बंद कर दिया गया है, इसके अलावा डोर-टू-डोर डिलीवरी पर भी सख्त रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए सूरजपुर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और बिलासपुर मार्गों पर विशेष बैरियर लगाकर सघन जांच शुरू कर दी है। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही अफवाह फैलाएं। ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला कंट्रोल रूम 07836-232469 पर संपर्क कर सकते हैं।

Veterinary and Animal Husbandry Department
पशु चिकित्सा एवं पशु पालन विभाग बैकुण्ठपुर कोरिया जिला

पोल्ट्री व्यावसायियों को मिलेगा मुआवजा
एक सवाल के जवाब में कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने बताया कि जिन निजी दुकानदारों से मुर्गी, चूजे विनष्ट किए जाएंगे, उन्हें नियमानुसार मुआवजा प्रदान किया जाएगा। बर्ड फ्लू के इस प्रकोप को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त और त्वरित कदम उठाए हैं, जिससे संक्रमण को नियंत्रित करने में सहायता मिलेगी।

7500 किलो कुक्कुट आहार भी विनष्टीकरण
बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2,487 पेरेंट्स स्टॉक मुर्गे/मुर्गियां, 2,448 बटेर पक्षी, 9,998 कुक्कुट चूजे, 19,095 अंडे, 200 बटेर अंडे को मिलाकर 34 हजार 228 पोल्ट्री उत्पाद नष्ट किए गए, इसके साथ ही 7,500 किलो कुक्कुट आहार का विनष्टीकरण कर दिया है। कलेक्टर ने बताया कि संक्रमण को रोकने के लिए सभी कर्मचारियों को ओसेल्टामिविर टेबलेट का नियमित वितरण किया जा रहा है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story