रायपुर। ईरान के साथ इजरायल और अमेरिका की जंग चल रही है। ऐसे में ड्राई फ्रूट्स के दाम में भी भारी गर्मी आ गई है। आवक कम होने से दाम 30 फीसदी तक बढ़ गए हैं। अगर लगातार युद्ध चलता रहा तो दाम तो और बढ़ेंगे ही साथ ही ड्राई फ्रूट्स की कमी भी हो सकती है। ईरान से आने वाला बड़ी साइज का मामरा बादाम चार हजार के पार हो गया है। अन्य बादाम के दाम 26 सौ से 3000 हजार रुपए हैं। इसी तरह से ईरानी पिस्ता के दाम 32 सौ रुपए किलो हो गए हैं। कुल मिलाकर ड्राई फ्रूट्स बाजार में जंग का कड़वाहट मिलाकर ड्राई फ्रूट्स बाजार में जंग का कड़वाहट घुल गई है।
कारोबारियों का कहना है कि, दिल्ली सहित देश के बड़े बाजारों में जो स्टॉक था, वह अब समाप्त होने वाला है। जब तक स्टॉक था, तब तक कोई असर नहीं था, लेकिन अब कीमत में भी आग लग गई है। अब तो आवक भी बंद हो गई है। वैसे इस समय त्योहारी सीजन न होने के कारण डिमांड उतनी ज्यादा नहीं है, लेकिन ड्राई फ्रूट्स की मांग साल भर रहती है।
अंजीर के दाम कम
इस समय अंजीर के दाम बहुत कम हैं। इसका कारण यह है कि इसकी फसल बहुत ज्यादा हो गई है। ऐसे में पहले जो 24 सौ रुपए किलो मिलती थी, वह इस समय 16 सौ रुपए में मिल रही है। इसी तरह से 16 सौ रुपए वाली अंजीर आठ से नौ सौ रुपए किलो बिक रही है। मुनक्का के दाम इस समय 600 से 800 रुपए किलो हैं। ईरानी पिस्ता की कीमत तीन हजार के पार हो गई है। यह पहले 28 सौ रुपए किलो था जो अब 32 सौ रुपए किलो हो गया है। अन्य पिस्ता 23 से 25 सौ रुपए थोक में और चिल्हर में इसके दाम 25 से 27 सौ रुपए हैं। अमेरिकन पिस्ता 15 सौ रुपए किलो है।
मामरा बादाम चार हजार के पार
जहां ईरान से मामरा बादाम आता है, वहीं अफगानिस्तान से अंजीर और मुनक्का आता है। मामरा बादाम सबसे अच्छी क्वालिटी के दाम अब चार हजार के पार हो गए हैं। इसके दाम पहले 38 सौ रुपए के करीब थे लेकिन अब इसके दाम 42 सौ रुपए हो गए हैं। इसके अलावा ईरान से आने वाला कुछ कम साइज वाला मामरा बादाम 26 सौ से तीन हजार हो गया है। यह पहले 22 से 26 सौ रुपए था। अफगानिस्तान के बादाम का दाम 18 सौ से 26 सौ रुपए है। जहां तक सामान्य बादाम की बात है तो इसके दाम 800 से 12 सौ रुपए तक हैं।
काजू-किशमिश के दाम ज्यादा
इस समय प्रदेश में काजू और किशमिश के दाम ज्यादा है। थोक कारोबारियों के मुताबिक बीते साल अंगूर की फसल कम होने के कारण ही किशमिश के दाम डबल हो गए थे जो अब तक चल रहे हैं। जो किशमिश पहले थोक में 225 से 250 रुपए तक थी वो अब थोक पांच सौ के करीब पहुंच गई है। चिल्हर में यह छह सौ रुपए बिक रही है। हरी किशमिश के दाम में भी दो सौ रुपए का इजाफा हो गया है। यह पांच सौ से बढ़कर सात सौ रुपए हो गई है। चिल्हर में यह 800 सौ बिक रही है। इसी तरह से काजू के बीजों की कमी के कारण काजू के दाम भी बढ़ गए हैं। इस समय काजू थोक में 700 रुपए से 17 सौ रुपए तक हैं। चिल्हर में इसके दाम 800 से 2000 रुपए तक हैं।