संतोष कश्यप - अंबिकापुर। अंबिकापुर में निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों से की जा रही मनमानी वसूली पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला प्रशासन की टीम ने जांच शुरू की, जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं।
3 स्कूलों में मिली अनियमितताएं
जिला शिक्षा अधिकारी की टीम ने शहर के तीन प्रमुख निजी स्कूलों — न्यू डीपीएस स्कूल, ओरिएंटल पब्लिक स्कूल और कार्मेल स्कूल की जांच की। जांच के दौरान गड़बड़ियां पाई गईं, जिसके बाद संबंधित स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि निर्धारित फीस से अधिक राशि अभिभावकों से वसूली जा रही थी। इस पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूलों पर जुर्माना लगाया है।


एक ही दुकान से किताब खरीदने का दबाव
जांच टीम को यह भी जानकारी मिली कि स्कूल प्रबंधन द्वारा अभिभावकों को एक तय दुकान, एमपी डिपार्टमेंटल स्टोर से ही किताबें खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा था। नियमों के अनुसार जहां NCERT की किताबें पढ़ाई जानी चाहिए, वहां निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें छात्रों को पढ़ाई जा रही थी।


प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा के नाम पर किसी भी तरह की लूट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगे भी जांच जारी रहेगी और दोषी पाए जाने वाले संस्थानों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)








