Logo
अंबिकापुर के अंबेडकर चौक में सुबह तड़के लगी भीषण आग में 8 दुकानें जल गईं। फायर ब्रिगेड की देरी से नुकसान बढ़ा, हादसे में लगभग 1.25 से 1.50 करोड़ के नुकसान का अनुमान है।

संतोष कश्यप - अंबिकापुर। शहर के मुख्य व्यावसायिक क्षेत्र अंबेडकर चौक में मंगलवार को भोर में भीषण आग ने तबाही मचा दी। फर्नीचर दुकान में शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई आग कुछ ही मिनटों में ई-रिक्शा, इलेक्ट्रॉनिक्स और डेकोरेशन की दुकानों तक फैल गई। हादसे में लगभग सवा से डेढ़ करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान है। फायर ब्रिगेड की देरी से पहुंचने पर व्यापारी बेहद नाराज हैं।

सुबह 4 बजे फर्नीचर दुकान से शुरू हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 4 बजे एक फर्नीचर दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। दुकान में मौजूद प्लास्टिक, फोम और लकड़ी के सामान ने आग को अत्यधिक भड़का दिया। तेज लपटों ने देखते ही देखते पास की ऑटो पार्ट्स, ई-रिक्शा स्टोर, डेकोरेशन दुकान, मारुति इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।

राहगीर ने दी सूचना, लेकिन फायर ब्रिगेड देर से पहुंची
करीब 4:30 बजे एक राहगीर ने दुकान संचालक राकेश अग्रवाल को फोन कर आग की सूचना दी। इसके बाद उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड, कंट्रोल रूम और डायल-112 को जानकारी दी। लेकिन फायर ब्रिगेड की पहली गाड़ी करीब एक घंटे बाद पहुंची। दूसरी गाड़ी मौके पर आई तो उसका सिस्टम खराब निकला, जिससे आग काबू में करने में भारी दिक्कतें आईं।

नाश्ते की दुकान में सिलेंडर ब्लास्ट, फैक्ट्री तक फैली आग
आग की लपटें बढ़ते-बढ़ते पास की नाश्ते की दुकान तक पहुंच गईं, जहां एक छोटे गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ और पूरी दुकान जलकर राख हो गई। कुछ ही देर बाद आग पीछे स्थित फर्नीचर फैक्ट्री तक भी फैल गई, जिससे हालात काफी गंभीर हो गए।

एयरपोर्ट फायर टीम ने दो घंटे में पाया काबू
स्थिति बिगड़ते देख दरिमा एयरपोर्ट की फायर ब्रिगेड टीम को मौके पर बुलाया गया। एयरपोर्ट टीम ने लगभग दो घंटे की लगातार मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक अधिकांश दुकानें जल चुकी थीं।

व्यापारी बोले- समय पर मदद मिलती तो बच जाता बड़ा नुकसान
दुकान संचालक राकेश अग्रवाल ने नाराजगी जताते हुए कहा कि, 'अगर फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती तो नुकसान सिर्फ 20% होता, लेकिन देरी ने लाखों का नुकसान करा दिया।'

पुलिस कर रही जांच
गांधीनगर पुलिस आगजनी के पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है।

5379487