शुक्रवार 20 मार्च को एंटी करप्शन ब्यूरो ने सरगुजा में बड़ी कार्रवाई की है। डीईओ दफ्तर के बाबू से रिश्वत मांगने के आरोप में तहसीलदार दफ्तर के बाबू को पकड़ा है।  

संतोष कश्यप- अंबिकापुर। सरगुजा में शुक्रवार को एंटी करप्शन ब्यूरो यानी ACB ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी करप्शन ब्यूरो में ट्रेप कर फ़ंसाने की धमकी देकर वसूली का पूरा मामला है। 

मिली जानकारी के मुताबिक, सरगुजा जिले के दरिमा तहसील में पदस्थ लिपिक अनिल गुप्ता को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने गिरफ्तार किया है। जिला शिक्षक कार्यालय में पोस्टेड लिपिक अखिलेश सोनी से ₹100000 की रिश्वत लेते एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने पकड़ा है। 

तहसील के बाबू ने डीईओ के बाबू से मांगे थे पैसे
तहसील के बाबू अनिल गुप्ता ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ बाबू अखिलेश सोनी से ₹200000 रिश्वत की मांग की थी। उसने धमकी दी थी कि, उसका भतीजा एंटी करप्शन ब्यूरो में है और शिकायत के आधार पर वह जेल भिजवा सकता है। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम से अगर बचना है तो दो लाख रुपये देना होगा। बाद में ₹100000 में सौदा तय हुआ था। 

अखिलेश सोनी की शिकायत पर लिया एक्शन
इसी बीच पीड़ित लिपिक अखिलेश सोनी ने एंटी करप्शन ब्यूरो में जाकर शिकायत कर दी थी। इसी के आधार पर अंबिकापुर के घड़ी चौक स्थित जिला पुस्तकालय के सामने रिश्वत लेते एसीबी की टीम ने अनिल गुप्ता को गिरफ्तार किया है।