खमतराई थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर के एक यार्ड में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25 लाख रुपए से ज्यादा कीमत का 170 बोरा सितार गुटखा  और  300 बोरी तंबाकू जब्त किया है।

रायपुर। खमतराई थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर के एक यार्ड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 लाख रुपए से ज्यादा कीमत का 170 बोरा सितार गुटखा तथा 300 बोरी तंबाकू जब्त किया है। तंबाकू तथा गुटखा किसी अनूप नागरिया नाम के व्यक्ति का होना बताया जा रहा है। पुलिस ने गुटखा जब्ती की कार्रवाई बुधवार देर रात की है। गुटखा के मालिक के खिलाफ पुलिस मामले की पड़ताल के बाद अपराध दर्ज करने की बात कह रही है।

रायपुर नार्थ के डीसीपी मयंक गुर्जर के निर्देश पर जिस यार्ड में गुटखा तथा तंबाकू की जब्ती की गई है, उस यार्ड का मालिक अनूप नागरिया ही है। एडीसीपी नार्थ आकाश मरकाम के अनुसार पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर छापा मारा। गुटखा जब्ती करने के बाद सैंपल जांच के लिए पुलिस ने घटना दिनांक को ही खाद्य एवं औषधीय प्रशासन विभाग के अफसरों को सूचना दी। प्रशासन विभाग के अफसरों ने गुटखा तथा तंबाकू के सैंपल लैब जांच करने अपने साथ ले गए हैं।

गुटखा का भंडारण, विक्रय गुढ़ियारी से : मेसर्स
मउरानीपुर लॉजिस्टिक प्रा. लिमिटेड से जब्त गुटखा को लेकर खाद्य एवं औषधीय प्रशासन विभाग ने बयान जारी कर बताया है कि उक्त गुटखा का भंडारण तथा विक्रय करने का काम गुढ़ियारी, श्रीनगर निवासी शिवम यादव द्वारा किया जाता है। इससे पुष्टि होती है, मांग के अनुरूप अनूप नागरिया गुटखा मंगाकर अपने यार्ड से संबंधित लोगों तक गुटखा आपूर्ति करता है।

प्रतिबंध के बाद बिक रहा प्रतिबंधित गुटखा
तंबाकू मिश्रित गुटखा बेचे जाने पर सुप्रीम कोर्ट ने एक दशक पूर्व रोक लगाई है। बावजूद इसके कई गुटखा बनाने वाली कंपनियां तंबाकू मिश्रित गुटखा तैयार कर बेच रही हैं। अवैध रूप से गुटखा बनाने वाली कंपनियां सादा पान मसाला, मीठी सुपारी बनाने के नाम पर अवैध तरीके से गुटखा तैयार कर बेच रही हैं

कीमत बढ़ने पर ब्लैक में बेचने स्टोर किया था
केंद्र सरकार ने इस बार के बजट में तंबाकू उत्पाद समान पर टैक्स बढ़ा दिया है। टैक्स बढ़ने के बाद गुटखा की कीमतों में इजाफा होने की संभावना को देखते हुए कारोबारी द्वारा बड़े पैमाने पर गुटखा तथा तंबाकू स्टोरेज किए जाने की जानकारी सूत्रों ने दी है। जिस कंपनी का गुटखा पुलिस ने जब्त किया है, इसके पूर्व जीएसटी, खाद्य एवं औषधीय प्रशासन विभाग छापे की कार्रवाई कर चुका है।

गुटखा के नाम पर खतरनाक रसायन परोस रहे
ज्यादातर कंपनी गुटखा के नाम पर खतरनाक रसायन लोगों तक परोस रही हैं। तंबाकू युक्त गुटखा में निकोटीन, बुझा हुआ चूना, पैराफिन तथा अन्य खतरनाक रसायनों का मिश्रण रहता है। इसके साथ ही गुटखा तथा सस्ते पान मसाला में कत्थे की जगह गैम्बियर, सस्ते स्टार्च, मिट्टी, कृत्रिम रंग और बबूल का गोंद मिलाकर सिंथेटिक कत्था तैयार कर मिलाया जाता है।