सड़क हादसे में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष की मौत: भूतेश्वरनाथ मंदिर के रास्ते में कार पुल से नीचे गिरी, एक अन्य की भी गई जान

घटनस्थल की तस्वीर
अश्वनी सिन्हा - गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भूतेश्वर नाथ दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं की कार सरगी नाले के पुल से नीचे गिर गई। हादसा रात करीब 2 बजे हुआ है। जब बिलाईगढ़-भटगांव से गरियाबंद की ओर जा रही कार अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, देर रात ड्राइवर को झपकी आने से कार बेकाबू होकर नाले में गिर गई और डोर लॉक होने से 5 लोग अंदर ही फंसे रह गए। सुबह लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया। तब तक भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष समेत 2 लोगों की मौत हो गई। जबकि 3 लोग घायल हैं। सभी लोग बिलाईगढ़ से भूतेश्वर नाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।
एक पत्थर से टकराकर नाले में गिरी कार
मरने वालों की पहचान बिलाईगढ़ जिले के भटगांव निवासी लोकेश साहू (35) और पंकज दास मानिकपुरी (38) भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष के रूप में हुई है। हादसे में अन्य तीन लोग गंभीर र्रोप से घायल हैं। यह पूरी घटना फिंगेश्वर थाना क्षेत्र की है। कार में बिलाईगढ़ से 5 लोग सवार होकर गरियाबंद के भूतेश्वर नाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रविवार देर रात 2 बजे कार चला रहे पंकज दास को झपकी आ गई। जिस कारण कार एक पत्थर से टकराकर सीधे नाले में गिर गई।
गेट लॉक होने से अंदर फंसे रहे लोग
बताया जा रहा है कि, कार के नाले में गिरने से सभी गेट लॉक हो गए। जिससे पांचों लोग अंदर ही फंस गए। वो रात भर चीखते-चिल्लाते रहे। जब सुबह करीब 5 से 6 बजे लोग शौच के लिए नाले के पास पहुंचे, तो उनकी नजर कार पर पड़ी। जिसके बाद गेट तोड़कर उन्हें बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।

ट्रेलर ने बस को मारी टक्कर, बाल-बाल बचे दर्जनों यात्री
वहीं बस्तर की लाइफलाइन माने जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH 30) पर सोमवार सुबह एक बड़ी दुर्घटना होते-होते टल गई। कांकेर से केशकाल की ओर जा रही एक यात्री बस को तेज रफ़्तार ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दिया।
बस्तर की लाइफलाइन माने जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH 30) पर एक यात्री बस को तेज रफ़्तार ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दिया। आक्रोशित लोगों ने ड्राइवर की जमकर पिटाई कर दी... @KondagaonDist #Chhattisgarh #Accident pic.twitter.com/w7tXcUBYOc
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) August 4, 2025
गौरतलब है कि, हादसा इतना भीषण था कि, बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गनीमत रही कि, बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए। टक्कर मारने के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी शिकायत बस चालक ने केशकाल थाने में दर्ज कराई। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चारामा पुलिस ने ट्रेलर और उसके चालक को दबोच लिया। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रेलर चालक की जमकर पिटाई कर दी। यह पूरा मामला केशकाल थाना क्षेत्र का है।
