बिहार में 27 मार्च से मौसम करवट लेने वाला है। 12 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी, अन्य जिलों में येलो अलर्ट। अगले 3 दिनों तक असर रहने की संभावना।

Bihar Weather Alert: बिहार में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार 27 मार्च से राज्य में आंधी-बारिश का नया दौर शुरू होगा। इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं चलने के साथ आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।

गुरुवार को जारी पूर्वानुमान में पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके असर से अगले 24 घंटे के भीतर मौसम तेजी से बदलेगा। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कई स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 27 मार्च के लिए राज्य के 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। इनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर और मुजफ्फरपुर शामिल हैं। इन जिलों में तेज आंधी, वज्रपात, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

अन्य जिलों में येलो अलर्ट
राजधानी पटना, गया, बेगूसराय, भागलपुर, पूर्णिया समेत बाकी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां भी मौसम खराब रहने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।

तीन दिनों तक रहेगा असर
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य में अगले तीन दिनों तक मौसम अस्थिर बना रह सकता है। शनिवार और रविवार को भी खासकर कोसी, सीमांचल, पूर्वी और उत्तर बिहार के इलाकों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बादलों की आवाजाही और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आएगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

गर्मी ने भी दिखाया असर
मौसम बदलने से पहले गुरुवार को पूरे बिहार में तेज गर्मी का असर देखने को मिला। खासकर दक्षिणी जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। रोहतास जिले के बिक्रमगंज में अधिकतम तापमान 37.9°C रिकॉर्ड किया गया, जो सबसे ज्यादा रहा। इसके अलावा कैमूर में 37°C, शेखपुरा में 36.8°C, गया में 36.2°C, बक्सर में 35.3°C, पटना में 35.2°C और सीवान में 35°C तापमान दर्ज हुआ।

किसानों की बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भी बिहार में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से कई जिलों में नुकसान हुआ था। एक बार फिर खराब मौसम की चेतावनी से लोगों की चिंता बढ़ गई है, खासकर किसानों को फसलों के नुकसान का डर सता रहा है।