Bihar New CM Name: बिहार में सत्ता परिवर्तन की सुगबुगाहट के बीच भारतीय जनता पार्टी के पर्यवेक्षक और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पटना पहुंच चुके हैं। उनके साथ बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव नितिन नबीन और विनोद तावड़े भी मौजूद हैं। माना जा रहा है कि शिवराज सिंह चौहान अपने साथ दिल्ली से नए मुख्यमंत्री के नाम की 'पर्ची' लेकर आए हैं। पटना एयरपोर्ट पर उतरने के बाद नेताओं का काफिला सीधे बैठक की ओर रवाना हुआ।
अटल सभागार में होगी अहम बैठक
आज पटना के अटल सभागार में बीजेपी विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। इस बैठक में शिवराज सिंह चौहान सभी विधायकों के साथ चर्चा करेंगे। इसके ठीक बाद विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए (NDA) की संयुक्त बैठक बुलाई गई है। इसी बैठक में बिहार के नए मुख्यमंत्री के नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार बीजेपी किसी चौंकाने वाले चेहरे को सामने ला सकती है।
नीतीश कुमार का आखिरी संदेश
इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी अंतिम कैबिनेट बैठक में मंत्रियों को संबोधित किया। बैठक के दौरान नीतीश कुमार काफी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि साल 2005 में जब उन्होंने सरकार संभाली थी, तब से लेकर अब तक उन्होंने अपनी पूरी क्षमता से राज्य की सेवा की है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि नई सरकार को हमेशा उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा।
नेताओं ने की नीतीश के काम की सराहना
कैबिनेट बैठक के बाद बाहर निकले मंत्रियों और विधायकों ने नीतीश कुमार के 20 साल के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताया। पूर्व मंत्री रामकृपाल यादव भावुक हो गए और उन्होंने कहा कि यह पूरे बिहार के लिए एक संवेदनशील क्षण है। वहीं बीजेपी विधायक विनोद नारायण झा ने कहा कि बिहार के विकास में नीतीश कुमार का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा और उनका नाम इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा।
आज खत्म होगा सस्पेंस
बिहार में पिछले कई दिनों से चल रहे राजनीतिक सस्पेंस का आज अंत हो जाएगा। शाम को होने वाली एनडीए की बैठक में जैसे ही शिवराज सिंह चौहान नए नेता के नाम का ऐलान करेंगे, नई सरकार के गठन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। बीजेपी के पर्यवेक्षकों की मौजूदगी यह साफ करती है कि पार्टी आलाकमान ने नाम तय कर लिया है, बस उसकी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है।