Samrat Choudhary New Bihar CM: बिहार में पिछले कई घंटों से चल रहा सस्पेंस अब पूरी तरह खत्म हो गया है। सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे। पटना में आयोजित एनडीए (NDA) विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर आधिकारिक मुहर लगा दी गई है। विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी मिली और अब वे बिहार के नए CM होंगे।
उपेंद्र कुशवाहा ने दी बधाई
सम्राट चौधरी के नाम की घोषणा होते ही राजनीतिक गलियारों से प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने उन्हें सबसे पहले बधाई देने वालों में शामिल रहे।
उपेंद्र कुशवाहा ने सम्राट चौधरी को शुभकामनाएं देते हुए एक्स पर लिखा, "नयी जवाबदेही के लिए श्री सम्राट चौधरी जी को बहुत-बहुत बधाई और ढेरों शुभकामनाएं।"
इससे पहले नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। वे सम्राट चौधरी और विजय चौधरी के साथ एक ही गाड़ी से राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा, जिससे सत्ता परिवर्तन का रास्ता साफ हो गया।
इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने X पर लिखा, ''अब नई सरकार यहां का काम देखेगी। नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग रहेगा। आगे भी बहुत अच्छा काम होगा, बिहार बहुत आगे बढ़ेगा।''
कल शपथ ग्रहण
नाम के आधिकारिक ऐलान के बाद अब नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जानकारी के मुताबिक, सम्राट चौधरी कल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ नई कैबिनेट के कुछ अन्य मंत्रियों के भी शपथ लेने की संभावना है। राजभवन में समारोह की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
कौन हैं सम्राट चौधरी?
उम्र: 54 साल, शिक्षा: डॉक्टरेट, कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी (अमेरिका)
- बिहार के एक प्रभावशाली राजनीतिक परिवार के ताल्लुक रखते हैं। सम्राट 6 साल पहले भाजपा में शामिल हुए। उन्होंने 27 मार्च 2023 को बिहार भाजपा अध्यक्ष का कार्यभार संभाला। इससे पहले बिहार विधान परिषद में भाजपा के नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वे कोइरी (कुशवाहा) समाज से आते हैं। भाजपा ने लव (कुर्मी) और कुश (कुशवाहा) समेत पिछड़ी जातियों के वोट साधने के लिए उन पर दांव खेला है।
- सम्राट चौधरी ने 1990 में अपने राजनीति करियर की शुरुआत राष्ट्रीय जनता दल से की। 1999 में बिहार की राबड़ी सरकार (राजद) में कृषि मंत्री भी रहे। आज भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा जी का शुक्रिया अदा किया।