Bihar News: बिहार के 21वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के तुरंत बाद सम्राट चौधरी पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। पद और गोपनीयता की शपथ लेने के बाद उन्होंने लोक भवन पहुंचकर विधिवत रूप से कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार संभालते ही मुख्यमंत्री ने अपनी भविष्य की रणनीति और प्राथमिकताओं को स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार में अब शासन और विकास का पहिया 'मोदी-नीतीश मॉडल' के आधार पर ही घूमेगा।
"आज से ही शुरू होगा काम, विकास की रफ्तार होगी तेज"
शपथ ग्रहण समारोह के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, "मैं आज से ही बिहार के लिए काम करना शुरू कर दूंगा। बिहार में केवल मोदी-नीतीश मॉडल ही काम करेगा।" उनके इस बयान को केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतीश कुमार के सुशासन के अनुभवों के मेल के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य में स्थिरता और समृद्धि के लिए एनडीए के विजन को धरातल पर उतारना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
सम्राट पर एनडीए नेताओं ने जताया भरोसा
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर एनडीए के सहयोगियों में खासा उत्साह देखा गया। पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने विश्वास जताया कि सम्राट चौधरी, नीतीश कुमार की विरासत को बखूबी आगे बढ़ाएंगे। मांझी ने कहा कि नीतीश कुमार ने 20 वर्षों तक राज्य को सुशासन दिया है, अगर कहीं कोई कमी रह गई होगी तो सम्राट उसे पूरा करेंगे। वहीं, भाजपा नेता दिलीप जायसवाल ने भी कहा कि चौधरी के नेतृत्व में 'विकसित बिहार' का सपना अब तेजी से साकार होगा।
सोशल मीडिया पर जताया आभार
मुख्यमंत्री ने कार्यभार संभालने के बाद सोशल मीडिया के जरिए जनता और एनडीए के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने अपनी शपथ को साझा करते हुए लिखा कि बिहार का विकास और जनता का विश्वास ही उनके लिए सर्वोपरि है। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने नीतीश कुमार को 'आदरणीय' संबोधित करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाना ही उनका लक्ष्य है।