Samrat Choudhary First Statement: करीब दो दशकों से सत्ता की धुरी रहे नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद अब बिहार की कमान सम्राट चौधरी के हाथों में सौंप दी गई है। एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी की पहली प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने इस बड़ी जिम्मेदारी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए इसे राज्य की सेवा का एक नया संकल्प बताया है।
सम्राट चौधरी ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री के रूप में नाम तय होने के बाद सम्राट चौधरी ने अपनी भावनाओं को साझा करते हुए कहा, "भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मुझ पर विश्वास जताते हुए भाजपा बिहार विधानमंडल दल के नेता का दायित्व सौंपने पर हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है। मैं पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ जन-जन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लेता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयामों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहूंगा।"
कल होगा शपथ ग्रहण समारोह
सम्राट चौधरी के नाम के आधिकारिक ऐलान के साथ ही यह भी साफ हो गया है कि वे कल, यानी बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। पटना के राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू कर दी गई हैं। माना जा रहा है कि इस समारोह में केंद्र सरकार के कई दिग्गज नेता और बीजेपी के आला पदाधिकारी शामिल होंगे। सम्राट चौधरी के साथ नई कैबिनेट के कुछ अन्य मंत्रियों के भी शपथ लेने की संभावना है।
विजय सिन्हा ने रखा प्रस्ताव, सर्वसम्मति से चुने गए नेता
इस पूरे सियासी घटनाक्रम की बात करें तो आज पटना में एनडीए विधायक दल की बैठक में भारी गहमागहमी रही। बैठक के दौरान वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा ने सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिस पर बीजेपी, जेडीयू और अन्य सहयोगी दलों के विधायकों ने एक सुर में अपनी सहमति जताई। इसके बाद सम्राट चौधरी के नाम का औपचारिक ऐलान किया गया और उन्हें विधायक दल का नेता घोषित किया गया।
नीतीश के इस्तीफे के बाद सम्राट के नाम पर बनी सहमति
इस बड़े बदलाव की शुरुआत आज दोपहर तब हुई जब नीतीश कुमार ने राजभवन जाकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। नीतीश कुमार के हटने के बाद बीजेपी ने एक बड़ी रणनीति के तहत सम्राट चौधरी को आगे किया है। सम्राट चौधरी अब तक राज्य में उपमुख्यमंत्री की भूमिका निभा रहे थे, लेकिन अब वे पूरे बिहार का नेतृत्व करेंगे। उनके चयन पर उपेंद्र कुशवाहा सहित कई गठबंधन सहयोगियों ने उन्हें बधाई दी है।