haribhoomi hindi news
Bihar Tarari Assembly bypoll: प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने बुधवार को बिहार के तरारी विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए पूर्व सेना उप प्रमुख, लेफ्टिनेंट जनरल श्री कृष्ण सिंह को उम्मीदवार बनाया है।

Bihar Tarari Assembly bypoll: प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने बुधवार, 16 अक्टूबर को बिहार के तरारी विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है। पार्टी ने तरारी सीट से पूर्व सेना उप प्रमुख, लेफ्टिनेंट जनरल श्री कृष्ण सिंह को टिकट दिया है।

कौन हैं श्री कृष्ण सिंह हैं?
पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल श्री कृष्ण सिंह ने नवंबर 2011 में दक्षिण पश्चिमी कमान का नेतृत्व करने के बाद सेना के उप प्रमुख का पद संभाला था। उन्हें 8 गोरखा राइफल्स में दिसंबर 1972 में कमीशन किया गया था, जो कि फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ की रेजिमेंट थी। उन्होंने पंजाब और जम्मू-कश्मीर में ऑपरेशन रक्षक सहित कई अभियानों में हिस्सा लिया है।

इसके अलावा, कृष्ण सिंह ने पाकिस्तान से लगी नियंत्रण रेखा पर एक इन्फैंट्री डिवीजन और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्र में एक कॉर्प्स की कमान संभाली है। उन्होंने सियाचिन ग्लेशियर में भी एक ब्रिगेड की कमान की है और गोरखा राइफल्स के कर्नल कमांडेंट भी रहे हैं।

अब राजनीति में एट्री
सेना में प्रमुख पदों पर रहते हुए पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल श्री कृष्ण सिंह ने कई सराहनीय कार्य किया। अब वह राजनीति में एंट्री कर चुके हैं और प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी ने उन्हें बिहार में होने वाले उपचुनाव में तरारी सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है।

सीपीआई (एमएल) नेता सुदामा प्रसाद के लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद तरारी सीट खाली हो गई। अब इस सीट पर उपचुनाव होगा। मंगलवार, 15 अक्टूबर को चुनाव आयोग ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा है कि बिहार में चार सीटों के लिए 13 नवंबर को मतदान होंगे। वहीं, 23 नवंबर को नतीजे आएंगे।

7