पटना से नवी मुंबई के लिए पहली बार डायरेक्ट फ्लाइट शुरू हो गई है। साथ ही 4 साल बाद पटना एयरपोर्ट से आधी रात को भी विमान उड़ान भरेंगे। जानें इंडिगो की नई उड़ानों का समय और समर शेड्यूल की पूरी डिटेल।

Patna to Navi Mumbai Flight: बिहार के लोगों के लिए मुंबई जाना अब और भी सुलभ हो गया है। पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पहली बार नवी मुंबई के लिए सीधी विमान सेवा की शुरुआत की गई है। इंडिगो की फ्लाइट (नंबर 2043) दोपहर 2:15 बजे नवी मुंबई से पटना पहुंचेगी और यही विमान दोपहर 2:50 बजे पटना से नवी मुंबई के लिए वापस उड़ान भरेगा। इस नई सेवा से ठाणे, नवी मुंबई और आसपास के इलाकों में रहने वाले बिहार वासियों को काफी राहत मिलेगी।

4 साल बाद आधी रात को भी उड़ेंगे विमान
पटना एयरपोर्ट के इतिहास में एक और बड़ा बदलाव होने जा रहा है। पिछले 4 वर्षों से रात के समय विमानों का परिचालन बंद था, लेकिन अब नए समर शेड्यूल (29 मार्च से 24 अक्टूबर) के तहत आधी रात को भी उड़ानें शुरू होंगी। शेड्यूल के मुताबिक, इंडिगो का एक विमान रात 2:00 बजे पुणे से पटना लैंड करेगा और फिर तड़के 2:55 बजे यहाँ से पुणे के लिए रवाना होगा।

समर शेड्यूल: दिल्ली-हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा उड़ानें
इस साल के समर शेड्यूल में कुल 44 जोड़ी विमानों के परिचालन का ऐलान किया गया है। इसमें सबसे व्यस्त रूट पटना-दिल्ली का है, जहाँ 13 जोड़ी विमान अपनी सेवाएं देंगे। इसके अलावा पटना और हैदराबाद के बीच 4 जोड़ी विमानों का संचालन होगा। सुबह 7:35 बजे से शुरू होकर उड़ानों का यह सिलसिला अब देर रात तक जारी रहेगा, जिससे यात्रियों को अलग-अलग समय के कई विकल्प मिलेंगे।

24 घंटे परिचालन की दिशा में बड़ा कदम
आधी रात को फ्लाइट शुरू करने से एयरपोर्ट प्रशासन पर आर्थिक बोझ जरूर बढ़ेगा, क्योंकि महज एक जोड़ी फ्लाइट के लिए पूरे सिस्टम को 24 घंटे एक्टिव रखना होगा। हालांकि, एयरपोर्ट प्रबंधन का तर्क है कि नए टर्मिनल पर करोड़ों रुपये खर्च कर विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की गई हैं। इस फैसले का मुख्य उद्देश्य अन्य एयरलाइंस को भी रात में परिचालन के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि भविष्य में पटना एयरपोर्ट पूरी तरह से 24x7 फंक्शनल हो सके।