Nitish Kumar Resignation: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार, 30 मार्च को बिहार विधान परिषद (MLC) की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इसी महीने राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद संवैधानिक नियमों के तहत उन्हें 14 दिनों के भीतर एक सदन की सदस्यता छोड़नी थी। उन्होंने अपना इस्तीफा परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह को उनके आवास पर सौंपा। अब नीतीश कुमार केंद्र की राजनीति में नई भूमिका निभाएंगे।
नितिन नबीन का बांकीपुर की जनता को भावुक संदेश
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी पटना की चर्चित बांकीपुर सीट से विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। राज्यसभा सांसद के रूप में नई पारी शुरू करने जा रहे नबीन ने अपने कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता के लिए एक भावुक संदेश जारी किया। उन्होंने साल 2006 में अपने पिता के निधन के बाद शुरू हुए अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए जनता का आभार जताया और इसे जनसेवा का विस्तार बताया।
अगला मुख्यमंत्री कौन?
नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद अब बिहार में बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार बनने की पूरी संभावना है। मुख्यमंत्री की रेस में कई दिग्गज नाम शामिल हैं:
- सम्राट चौधरी: बिहार के उपमुख्यमंत्री और तारापुर से विधायक, जिन्होंने 45,843 वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की थी।
- नित्यानंद राय: केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और उजियारपुर से सांसद, जिनका बिहार बीजेपी में बड़ा कद है।
- विजय कुमार सिन्हा: अनुभवी नेता और बिहार के मौजूदा उपमुख्यमंत्री।
- संजीव चौरसिया: दीघा विधानसभा से करीब 59,000 वोटों से जीतने वाले कद्दावर विधायक।
- नीतीश मिश्रा: झंझारपुर से विधायक और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री।
- दिलीप जायसवाल: बिहार बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष और विधान परिषद के वरिष्ठ सदस्य।
क्या निशांत कुमार बनेंगे नए डिप्टी CM?
सियासी गलियारों में इस बात की भी जोरदार चर्चा है कि जेडीयू कोटे से नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को नई सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। निशांत ने पिछले हफ्ते ही औपचारिक रूप से जेडीयू की सदस्यता ली है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी किसी नाम का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि बीजेपी राज्य की सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते मुख्यमंत्री पद पर दावा पेश करेगी।
बांकीपुर में होगा उपचुनाव
नितिन नबीन के इस्तीफे के बाद बांकीपुर विधानसभा सीट अब खाली हो गई है, जहाँ आने वाले समय में उपचुनाव होंगे। वहीं, नीतीश कुमार के उत्तराधिकारी के नाम पर मुहर लगाने के लिए एनडीए के शीर्ष नेताओं की बैठक जल्द ही होने वाली है। बिहार की जनता और राजनीतिक पंडितों की निगाहें अब राजभवन की हलचल पर टिकी हैं।