Nitish Kumar Resigns: बिहार की राजनीति में आज एक बड़ा अध्याय समाप्त हो गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने औपचारिक रूप से अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे नीतीश कुमार राजभवन पहुंचे और राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात कर अपना त्यागपत्र उन्हें सौंप दिया। उनके इस्तीफे के साथ ही बिहार में मौजूदा सरकार का कार्यकाल भी समाप्त हो गया है।
राज्यपाल को सौंपा अपना इस्तीफा
राजभवन पहुंचकर नीतीश कुमार ने राज्यपाल को अपनी कैबिनेट भंग करने की सिफारिश सौंपी। राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है, हालांकि वैकल्पिक व्यवस्था होने तक उन्हें कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में काम देखने का आग्रह किया गया है। नीतीश कुमार के इस्तीफे के वक्त राजभवन के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे और भारी संख्या में मीडियाकर्मियों की मौजूदगी रही।
इस्तीफे के बाद भावुक दिखे नीतीश
इस्तीफा देने से पहले अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक में नीतीश कुमार काफी भावुक नजर आए। उन्होंने मंत्रियों से कहा कि उन्होंने 2005 से लेकर अब तक बिहार की सेवा करने की पूरी कोशिश की है। राज्यसभा सांसद के रूप में चुने जाने के बाद उनका इस्तीफा पहले से ही तय माना जा रहा था। इस इस्तीफे के साथ ही उनके 145 दिनों के इस संक्षिप्त कार्यकाल पर भी विराम लग गया है।
बिहार में अब नई सरकार की सुगबुगाहट
नीतीश कुमार के इस्तीफे के तुरंत बाद अब बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राजभवन से निकलने के बाद अब सबकी नजरें बीजेपी और एनडीए के अगले कदम पर हैं। शाम 4 बजे होने वाली एनडीए विधायक दल की बैठक में नए नेता का चुनाव किया जाएगा, जो बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। नीतीश कुमार ने संकेत दिया है कि वे नई बनने वाली सरकार को अपना मार्गदर्शन देते रहेंगे।