बिहार के मुजफ्फरपुर में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां मामा-मामी समेत अन्य रिश्तेदारों पर भांजे की हत्या का आरोप है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

Muzaffarpur Murder Case: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां मामूली कहासुनी के बाद एक युवक की जान चली गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

यह मामला औराई थाना क्षेत्र के अतरार पंचायत अंतर्गत माधोपुर गांव का है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय आकाश ठाकुर के रूप में हुई है। आरोप है कि ननिहाल पक्ष के रिश्तेदारों ने उसकी लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

मामा-मामी समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें मृतक के मामा श्रीराम ठाकुर, मामी पार्वती देवी के अलावा ललिता देवी, आशा देवी उर्फ उषा देवी और अभिषेक कुमार शामिल हैं। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

थानाध्यक्ष हेमलता कुमारी के अनुसार, मृतक के पिता आमोद ठाकुर के बयान पर पांचों आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। सभी आरोपी उसी गांव के रहने वाले हैं।

15 मार्च को हुई थी मारपीट
जानकारी के मुताबिक, 15 मार्च को पारिवारिक विवाद के दौरान झड़प हो गई थी। इसी दौरान आकाश ठाकुर के सिर पर लाठी से जोरदार वार किया गया, जिससे उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि आकाश का अपने मामा से पहले से विवाद चल रहा था।

घटना के दौरान जब उसके पिता के साथ झगड़ा हो रहा था, तो आकाश बीच-बचाव में सामने आया। इसी दौरान उस पर हमला कर दिया गया। सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद वह लहूलुहान हो गया और आरोपी मौके से फरार हो गए।

एसकेएमसीएच में इलाज के दौरान मौत
घटना के बाद आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) रेफर किया गया। इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई।

मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने पहले मारपीट का मामला दर्ज किया था, लेकिन युवक की मौत के बाद इसमें हत्या की धारा जोड़ दी गई।

पत्नी पर तेजाब फेंकने वाला पति भी गिरफ्तार
इसी बीच जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के बखरी गांव में एक अन्य गंभीर घटना सामने आई है। यहां पति ने आपसी विवाद में अपनी पत्नी पर तेजाब फेंक दिया। पीड़िता उर्मिला देवी के बयान पर पुलिस ने आरोपी पति भोली राय के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और फिर जान से मारने की नीयत से उसके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया।

घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई है, जिसे पहले मोतीपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।