Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर में बीते दिनों हुई बर्तन कारोबारी मकेश्वर पंडित की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया है कि मकेश्वर को अपनी पत्नी के अवैध संबंधों का विरोध करना महंगा पड़ा। उसकी 'बेवफा' पत्नी के प्रेमी ने अपने ही बहनोई के साथ मिलकर मकेश्वर को रास्ते से हटाने की साजिश रची और उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी प्रेमी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है।
रास्ते में घेरकर खेत में मारी गोली
एसडीपीओ मुजफ्फरपुर पश्चिमी-वन, सुचित्रा कुमारी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हत्या की यह वारदात तब हुई जब मकेश्वर मोतीपुर बाजार से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसे सुनसान रास्ते पर घेर लिया। हमलावरों ने उसे साइकिल से खींचकर पास के एक खेत में ले गए और उसके सिर में गोली मार दी। मकेश्वर की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई
02 अप्रैल 2026 की रात हुई इस हत्या की सूचना मिलते ही मोतीपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा और एफएसएल (FSL) टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। स्थानीय लोगों से पूछताछ और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिससे शक की सुई मृतक की पत्नी के परिचित मुन्ना पंडित की ओर घूमी।
पूछताछ में प्रेमी ने उगला सारा राज
पुलिस ने शक के आधार पर मुन्ना पंडित को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। पहले तो वह मुकरता रहा, लेकिन मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने पर उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। मुन्ना ने बताया कि उसका मृतक की पत्नी के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था और मकेश्वर इस रिश्ते का लगातार विरोध करता था। इसी दुश्मनी में उसने अपने बहनोई महेश पंडित के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस ने महेश पंडित को भी दबोच लिया है।
जांच जारी
इस हत्याकांड का खुलासा होने के बाद मोतीपुर इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक के पिता के आवेदन पर मोतीपुर थाना में कांड संख्या 127/26 दर्ज किया गया था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक खुद निगरानी कर रहे थे। पुलिस अब इस मामले के अन्य पहलुओं और क्या इसमें पत्नी की भी कोई प्रत्यक्ष भूमिका थी, इस बिंदु पर जांच कर रही है। दोनों आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।