Bihar Bhumi Dispute: बिहार के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भू-माफियाओं और भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मुंगेर के प्रेक्षागृह में आयोजित 'भूमि सुधार जनकल्याण संवाद' कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीन से जुड़े विवादों को अब केवल फाइलों में नहीं, बल्कि धरातल पर खत्म किया जाएगा।
विजय सिन्हा ने कहा कि भूमि विवाद कई बड़ी समस्याओं की जड़ हैं, इसलिए इनका स्थाई समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह उनका 10वां जनसंवाद कार्यक्रम था, जिसमें हजारों की संख्या में आवेदन प्राप्त हुए।
फर्जी कागजात पर तुरंत दर्ज होगी FIR
डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को दो टूक लहजे में निर्देश दिया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले भू-माफियाओं को किसी भी सूरत में बख्शा न जाए। उन्होंने कहा कि जो लोग फर्जी दस्तावेजों के सहारे विवाद खड़ा करते हैं या गरीबों की जमीन हड़पने की कोशिश करते हैं, उन पर तुरंत एफआईआर (FIR) दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। सरकार का लक्ष्य भूमि रिकॉर्ड को पूरी तरह पारदर्शी बनाना है ताकि भविष्य में धोखेबाजी की गुंजाइश ही न रहे और बेघर लोगों को उनका हक मिल सके।
भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी पर जीरो टॉलरेंस
राजस्व विभाग में फैले भ्रष्टाचार को लेकर विजय सिन्हा ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे बिना किसी डर के रिश्वतखोरी की शिकायत करें। मंत्री ने घोषणा की कि भ्रष्टाचार की सटीक जानकारी देने वाले सजग नागरिकों को सरकार सम्मानित करेगी। उन्होंने साफ संदेश दिया कि विभाग के भीतर किसी भी स्तर पर पैसे का लेन-देन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल पर नाराजगी जताते हुए इसे अराजकता का प्रतीक बताया और वैकल्पिक व्यवस्था की चेतावनी भी दी।
कागजात जलाने के मामले की उच्चस्तरीय जांच
जमालपुर सीओ (CO) कार्यालय के पास 3 अप्रैल को सरकारी कागजात जलाने की संदिग्ध घटना को उपमुख्यमंत्री ने बेहद गंभीरता से लिया है। इस मामले की तह तक जाने के लिए एडीएम और एसडीओ के नेतृत्व में तीन सदस्यीय विशेष कमेटी गठित कर दी गई है। विजय सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जांच निष्पक्ष होनी चाहिए। यदि इस कांड में विभाग का कोई भी पदाधिकारी या कर्मचारी संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ बर्खास्तगी जैसी कड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जनसंवाद के जरिए तत्काल समाधान की पहल
मुंगेर के नौ प्रखंडों से आए फरियादियों की समस्याओं को विजय सिन्हा ने स्वयं सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके त्वरित निष्पादन के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि जनसंवाद का असली उद्देश्य आम आदमी को सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने से बचाना और उन्हें तत्काल न्याय दिलाना है।