बिहार के कटिहार जिले के मनसाही में एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की दर्दनाक घटना सामने आई है। आरोपी आलमगीर ने बच्ची को घर में अकेला पाकर वारदात को अंजाम दिया।

Katihar Crime News: बिहार के कटिहार जिले के मनसाही थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली एक अत्यंत दुखद घटना प्रकाश में आई है। एक गांव में बीती रात एक नाबालिग बच्ची को घर में अकेला पाकर पड़ोस के ही एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता के माता-पिता शुक्रवार को इलाज कराने के लिए अस्पताल गए हुए थे और घर में मासूम बच्ची पूरी तरह अकेली थी। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर बगल के ही एक गैरेज में रहने वाला आरोपी आलमगीर चुपके से घर में दाखिल हो गया और बच्ची के साथ जबरन दरिंदगी की।

विरोध करने पर मकई के खेत के रास्ते हुआ फरार
जब मासूम बच्ची ने आरोपी की इस घिनौनी करतूत का विरोध किया और शोर मचाना शुरू किया, तो उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख आरोपी आलमगीर बुरी तरह घबरा गया। उसने पकड़े जाने के डर से अंधेरे का फायदा उठाया और घर के बगल में स्थित मकई के खेत के रास्ते भाग निकला।

घटना के बाद जब पीड़िता के परिजन अस्पताल से वापस लौटे, तो बच्ची ने रोते हुए उन्हें पूरी आपबीती सुनाई। इस खबर के फैलते ही पूरे गांव में तनाव और भारी आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया है।

जांच जारी
वारदात की सूचना मिलते ही मनसाही थानाध्यक्ष नरेंद्र प्रसाद दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पीड़िता के पिता द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पीड़िता को तुरंत मेडिकल जांच के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया गया है।