Jehanabad Student Murder Case: जहानाबाद जिले के कड़ौना थाना अंतर्गत एक 5 साल के मासूम छात्र के साथ हुई दरिंदगी और उसकी नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। यूकेजी में पढ़ने वाले इस बच्चे की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि हॉस्टल कैंटीन के गार्ड मुकेश कुमार उर्फ सुदामा ने की थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले मासूम के साथ कुकर्म (अप्राकृतिक यौनाचार) किया और फिर धारदार हथियार से काटकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
नपुंसक कहे जाने से कुंठित था आरोपी
जहानाबाद एसपी अपराजित लोहान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी गार्ड मुकेश कुमार की मानसिक स्थिति असामान्य थी। करीब 40 साल के इस आरोपी को हॉस्टल के बच्चे अक्सर 'नपुंसक' कहकर चिढ़ाते थे, जिससे वह अंदर ही अंदर कुंठित हो चुका था। उसकी पत्नी भी उसे काफी समय पहले छोड़कर जा चुकी थी। इसी कुंठा और हीन भावना के कारण वह बच्चों के प्रति नफरत से भर गया था।
शराब के नशे में दिया वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाली रात आरोपी गार्ड शराब के नशे में धुत होकर हॉस्टल लौटा था। जब देर रात बच्चे टीवी देखकर सोने जा रहे थे, तब आरोपी उन पर नजर रख रहा था। उसने मासूम बच्चे को अकेले पाकर कैंटीन की सीढ़ियों के पास दबोच लिया। शराब के नशे और मन में भरी कुंठा के कारण उसने मासूम के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं।
शरीर और प्राइवेट पार्ट पर मिले गहरे निशान
आरोपी की दरिंदगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसने बच्चे के शरीर के कई हिस्सों को बेरहमी से काट दिया था। मासूम के प्राइवेट पार्ट पर भी गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस को किचन के सिंक पर खून के धब्बे और बाथरूम की खिड़की के पास एक ब्लेडनुमा धारदार हथियार मिला है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
हॉस्टल बंद कराने की देता था धमकी
पूछताछ में यह भी पता चला कि आरोपी गार्ड का हॉस्टल संचालक तरुण कुमार के साथ तालमेल अच्छा नहीं था। वह अक्सर संचालक को धमकी देता था कि वह एक दिन ऐसा कांड करेगा कि हॉस्टल हमेशा के लिए बंद हो जाएगा। पुलिस ने इस मामले में लापरवाही और साक्ष्य छिपाने के आरोप में हॉस्टल संचालक तरुण कुमार उर्फ गांधी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
स्पीडी ट्रायल से दिलाई जाएगी सजा
एसपी ने बताया कि इस केस के लिए एसआईटी (SIT) का गठन किया गया था, जिसने चार दिनों के भीतर तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर केस सुलझा लिया। पुलिस अब इस मामले का स्पीडी ट्रायल कराएगी ताकि आरोपी को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाई जा सके। इस घटना के बाद जहानाबाद डीएम के आदेश पर जिले के सभी छात्रावासों की जांच के लिए धावा दल का गठन भी किया गया है।