Buxar News: बिहार के बक्सर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। एक सिरफिरे आशिक ने जयमाला के तुरंत बाद दुल्हन को स्टेज पर ही गोली मार दी। यह पूरी घटना दूल्हे और वहां मौजूद मेहमानों के सामने हुई, जिससे शादी समारोह में हड़कंप मच गया। इस सनसनीखेज वारदात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जयमाला के समय खूनी खेल
बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात एक शादी समारोह के दौरान उस वक्त कोहराम मच गया, जब स्टेज पर खड़ी दुल्हन को सटाकर गोली मार दी गई। पीड़िता की पहचान नंद जी चौधरी की 18 वर्षीय पुत्री आरती कुमारी के रूप में हुई है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जयमाला की रस्म हो रही थी और दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर खड़े थे। तभी भीड़ के बीच से एक युवक निकला और पिस्टल आरती के पेट से सटाकर ट्रिगर दबा दिया। गोली चलते ही शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं।
मौके का फायदा उठाकर फरार हुआ हमलावर
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक वहां मची अफरातफरी का फायदा उठाकर अंधेरे में गायब हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आया था और उसने सीधे दुल्हन को ही निशाना बनाया।
बताया जा रहा है कि यह मामला एकतरफा प्यार से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पुलिस अभी इस एंगल पर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार कर रही है। वारदात के बाद बारात में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
दुल्हन को किया गया बनारस रेफर
घायल आरती को तुरंत बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बनारस (वाराणसी) रेफर कर दिया है।
बताया जा रहा है कि आरती की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। इस भयानक मंजर को देखकर दुल्हन की छोटी बहन सपना गहरे सदमे में चली गई और वह भी बेहोश हो गई। फिलहाल सपना का इलाज भी अस्पताल में चल रहा है और पूरा परिवार इस वक्त भारी मानसिक तनाव में है।
पुलिस जांच में जुटी
मुफस्सिल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर हमलावर की पहचान करने की कोशिश कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर बिहार में शादियों के दौरान सुरक्षा और हथियार के अवैध इस्तेमाल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।