Pawan Singh-Jyoti Singh Divorce Case: आरा के कुटुम्ब न्यायालय में बुधवार को पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच रीकाउंसलिंग (पुनः सुलह प्रक्रिया) की तिथि निर्धारित थी। कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए ज्योति सिंह समय पर अदालत पहुंच गईं और काफी देर तक पवन सिंह का इंतजार करती रहीं, लेकिन 'पावर स्टार' नहीं पहुंचे। हालांकि, पवन सिंह की ओर से उनके वकीलों ने कोर्ट को सूचित किया कि अभिनेता की तबीयत खराब है और वे अस्पताल में भर्ती हैं। इस कारण वे कोर्ट में उपस्थित नहीं हो सके और सुलह की बातचीत आगे नहीं बढ़ पाई।
अब 24 फरवरी को होगी अगली रीकाउंसलिंग
ज्योति सिंह के वकील आदित्य नारायण सिंह ने मीडिया को बताया कि कोर्ट ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बिठाकर बात करने के लिए 11 फरवरी का समय दिया था।
पवन सिंह के अनुपस्थित रहने के बाद अदालत ने अब इस प्रक्रिया के लिए 24 फरवरी की नई तारीख तय की है। कोर्ट की कोशिश है कि कानूनी लड़ाई को आगे बढ़ाने से पहले एक बार फिर दोनों के बीच मतभेदों को दूर करने का प्रयास किया जाए।
2022 से जारी है कानूनी खींचतान
पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच विवाद की शुरुआत 2021 के अंत में हुई थी। पवन सिंह ने अक्टूबर 2021 में आरा फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की थी। इसके बाद अप्रैल 2022 में ज्योति सिंह ने कोर्ट में पेश होकर अपने भरण-पोषण (गुजारा भत्ता) की मांग रखी थी। तभी से यह मामला अदालत में लंबित है। बीच-बीच में कई बार सुलह की खबरें आईं, लेकिन हर बार बात किसी न किसी मोड़ पर आकर बिगड़ गई।
लोकसभा चुनाव के बाद बढ़ी दूरियां
गौरतलब है कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान दोनों के बीच रिश्तों में सुधार की उम्मीद जगी थी। चुनाव प्रचार के वक्त दोनों को कई बार साथ देखा गया और सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरों से लगा कि विवाद सुलझ गया है। लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद दोनों के बीच दूरियां फिर से बढ़ गईं और अब मामला एक बार फिर कोर्ट की दहलीज पर है।
ज्योति सिंह फिलहाल अपने मायके में रह रही हैं और पवन सिंह के साथ रहने या अलग होने के फैसले पर कोर्ट की कार्रवाई का इंतजार कर रही हैं।
