Logo
WPL 2024, RCBW vs DCW, RCB vs DC: वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2024 के 7वें मुकाबले में गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCBW) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (DCW) से हुआ। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 25 रन से हराया।

WPL 2024, RCBW vs DCW, RCB vs DC: वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2024 के 7वें मुकाबले में गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCBW) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (DCW) से हुआ। बेंगलुरु के एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 25 रन से हराया। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। ऐसे में पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 194 रन बनाए। एलिस कैप्सी ने 46 और जेस जोनासेन 16 गेंदों पर नाबाद 36 रन की पारी खेली। जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 169 रन ही बना सकी। स्मृति मंधान ने 74 रन बनाए और जेस जोनासेन को 3 सफलताएं मिलीं। मैरिज़ेन काप को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

स्मृति मंधाना ने जड़ा तूफानी अर्धशतक
195 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCBW) की शुरुआत ताबड़तोड़ रही। स्मृति मंधाना और सोफी डिवाइन ने आते ही गेंदबाजों की क्लास लगाई। मंधाना और डिवाइन ने पहले विकेट के लिए 77 रन जोड़े। 9वें ओवर में RCBW को पहला झटका लगा। अरुंधति रेड्डी ने सोफी डिवाइन का विकेट चटकाया। डिवाइन ने 17 गेंदों पर 23 रन की पारी खेली। 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर RCBW को बड़ा झटका लगा। शतक की ओर तेजी से बढ़ रहीं कप्तान स्मृति मंधाना को मारिज़ैन काप ने बोल्ड किया। मंधाना ने 172.09 की स्ट्राइक रेट से 43 गेंदों पर 74 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 3 छक्के लगाए।

जेस जोनासेन को 3 सफलता मिलीं
16वें ओवर की पहली गेंद पर RCBW को तीसरा झटका लगा। अपना आखिरी ओवर करने आईं मारिज़ैन काप ने ने रिचा घोष को अपना शिकार बनाया। रिचा ने 2 छक्कों की मदद से 13 गेंदों पर 19 रन बनाए। 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर RCBW का चौथा विकेट गिरा। जॉर्जिया वेरेहम ने 7 गेंदों पर 6 रन बनाए। शिखा पांडे ने उन्हें एलिस कैप्सी के हाथों कैच आउट कराया। 19वें ओवर में RCBW को 2 झटके लगे। सब्बिनेनी मेघना 36 के स्कोर पर रन आउट हुईं, वहीं अरुंधति रेड्डी ने नादिन डी क्लार्क (1) का शिकार किया। इसके बाद सोफी मोलिनक्स ने 1, सिमरन बहादुर ने 2 और आशा सोभना ने कोई रन नहीं बनाया। श्रेयंका पाटिल और रेणुका सिंह 1-1  रन बनाकर नाबाद रहीं। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से जेस जोनासेन को 3 सफलता मिलीं। इसके अलावा अरुंधति रेड्डी-मारिज़ैन काप ने 2-2 और शिखा पांडे ने 1 शिकार किया।

दिल्ली कैपिटल्स ने बनाए 194 रन
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स (DCW) की शुरुआत शानदार रही। सलामी बल्लेबाज मेग लैनिंग और शेफाली वर्मा ने आते ही तेजी से रन बटोरना शुरू किए। 5वें ओवर में टीम का पहला विकेट गिरा। कप्तान मेग लैनिंग ने 2 चौकों की मदद से 17 गेंदों पर 11 रन बनाए। सोफी डिवाइन ने उन्हें जॉर्जिया वेरेहम के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद शेफाली वर्मा ने एलिस कैप्सी के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 82 रन जोड़े। 110 के स्कोर पर टीम का दूसरा विकेट गिरा। श्रेयंका पाटिल ने शेफाली वर्मा को अपना शिकार बनाया। शेफाली ने 31 गेंदों पर 161.29 की स्ट्राइक रेट से 50 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 3 चौके और 4 शानदार छक्के लगाए।

डेब्यू मैच में नादिन डी क्लार्क को 2 सफलताएं
13वें ओवर में दिल्ली कैपिटल्स (DCW) का तीसरा विकेट गिरा। जेमिमाह रोड्रिग्स खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गईं। नादिन डी क्लार्क की गेंद पर सिमरन बहादुर ने उनका कैच लपका। 124 के स्कोर पर नादिन डी क्लार्क ने एलिस कैप्सी को बोल्ड किया। कैप्सी ने 33 गेंदों पर 46 रन की पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के जड़े। 19वें ओवर में मारिज़ैन काप कैच आउट हुईं। उन्होंने 200 की स्ट्राइक रेट से 16 गेंदों पर 32 रन की पारी खेली। जेस जोनासेन 16 गेंदों पर 36 रन और अरुंधति रेड्डी 4 गेंदों पर 10 रन बनाकर नाबाद रहीं। RCB की ओर से सोफी डिवाइन और नादिन डी क्लार्क को 2-2 सफलताएं मिलीं। इसके अलावा श्रेयंका पाटिल ने 1  विकेट चटकाया।

ये भी पढ़ें: WPL 2024, UPW vs GGW: गुजरात को पहली जीत की तलाश, यूपी की नजर दूसरी जीत पर; जानिए मैच से जुड़ी A To Z जानकारी

5379487