Logo
election banner
R Ashwin on Rinku Singh: भारतीय स्पिनर आर अश्विन ने खब्बू बल्लेबाज रिंकू सिंह की तुलना कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी से करते हुए उन्हें 'लेफ्ट हैंडेड धोनी' बताया है।

R Ashwin on Rinku Singh: टीम इंडिया के सबसे सफल कप्तानों में कैप्टन कूल यानी महेंद्र सिंह धोनी का नाम आता है। अगर बैटिंग की बात करें तो उनकी पावर हिटिंग को पसंद करने वालों की कमी नहीं  है। इन सबसे ऊपर महेंद्र सिंह धोनी अब तक के सबसे बेस्ट फिनिशर में से एक माने जाते हैं। ऐसे में अगर किसी युवा खिलाड़ी की एमएस धोनी से तुलना कर दी जाए तो ये बड़ी बात है। जी हां, हाल ही में ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने अपने यू ट्यूब चैनल पर भारतीय टीम की युवा सनसनी रिंकू सिंह को 'लेफ्ट हैंडेड धोनी' बताया है। 

रिंकू सिंह के खेल के हुए मुरीद
रिंकू सिंह की इस आक्रामक बल्लेबाजी को देखकर आर अश्विन ने उनकी जमकर तारीफ की है। अश्विन ने रिंकू को 'लेफ्ट हैंडेड धोनी' बताया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अपने ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर आर अश्विन ने कहा 'वह ऐसा है जिसे मैं लेफ्ट हैंडेड धोनी कहना पसंद करूंगा। मैं उसकी तुलना धोनी से फिलहाल नहीं कर रहा हूं क्योंकि धोनी काफी बड़ा नाम हैं। हालांकि, मैं उनकी मानसिक स्थिरता के बारे में कहूंगा जो वो मैदान पर साथ लाते हैं। उन्होंने यूपी के लिए लगातार रन बनाए हैं और भारतीय टीम में जगह पाने के लिए अपना रास्ता बनाया। वे केकेआर टीम की बेंच पर कई सालों तक बैठे रहे।'

अश्विन ने आगे कहा 'लोग मुझे कहते थे कि जब वह केकेआर की टीम में थे तो उन्हें प्रैक्टिस में भी बैटिंग करने का मौका नहीं मिल पाता था। वो उन सभी गेंदों को उठाते थे जो कि बैटर थ्रोडाउन में मारता था, उसके बाद उसे दोबारा बॉलर को देते थे।' अश्विन ने रिंकू सिंह के कंपोजर की काफी तारीफ की। 

रोहित शर्मा ने भी की तारीफ
अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 में रोहित शर्मा के साथ ही रिंकू सिंह का बल्ला भी खूब चला था। रिंकू सिंह ने टीम को शानदार फिनिश देते हुए आखिरी तीन गेदों पर तीन छक्के मारे थे। दो सुपर ओवर के बाद इस मुकाबले का नतीजा भारत के पक्ष में आया था। मैच के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने भी रिंकू सिंह की बैटिंग की जमकर तारीफ की थी। 

5379487