Logo
election banner
Ranji Trophy Final: पृथ्वी शॉ रणजी ट्रॉफी के फाइनल की दूसरी पारी में फ्लॉप रहे। वो 11 रन बनाकर ही आउट हो गए। यश ठाकुर की अंदर आती गेंद पर शॉ बोल़्ड हो गए।

Ranji Trophy Mumbai vs Vidarbha Final: रणजी ट्रॉफी का फाइनल मुंबई और विदर्भ के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा। इस मैच में मुंबई की टीम पहली पारी में 224 रन पर ऑल आउट हो गई थी। लेकिन, इसके बाद मुंबई ने जबरदस्त वापसी की और विदर्भ को महज 105 रन पर ढेर कर दिया। इस तरह मुंबई ने 119 रन की बढ़त हासिल की। ऐसे में मुंबई को दूसरी पारी में पृथ्वी शॉ से उम्मीद थी कि वो बड़ा स्कोर बनाएंगे। लेकिन, पहली पारी की तरह, शॉ दूसरी पारी में भी फ्लॉप हुए और 11 रन बनाकर आउट हो गए। 

पृथ्वी शॉ को यश ठाकुर ने एक अंदर आती गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया। शॉ सिर्फ एक चौका लगा पाए। पहली पारी में पृथ्वी ने जरूर 46 रन बनाए थे। लेकिन, दूसरी पारी में बड़ा स्कोर नहीं खड़ा कर पाए। विदर्भ की तरफ से पारी का 7वां ओवर डालने के लिए यश ठाकुर आए। यश के ओवर की दूसरी गेंद तेजी से अंदर की तरफ आई। जब तक पृथ्वी बल्ला नीचे लाते, तबतक गेंद अपना काम कर चुकी थी। बोल्ड होने के बाद पृथ्वी के चेहरे का रंग उड़ गया था। 

पृथ्वी शॉ को यश ठाकुर ने बोल्ड किया
बता दें कि ये कोई पहला मौका नहीं है, जब पृथ्वी शॉ कुछ इस तरह आउट हुए हैं। इससे पहले, जब टीम इंडिया 4 साल पहले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई थी, तब भी एडिलेड टेस्ट की पहली और दूसरी पारी में मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया था। वहीं, शॉ विदर्भ के खिलाफ रणजी ट्रॉफी फाइनल में भी कुछ इसी अंदाज में ही बोल्ड हुए। बीसीसीआई ने शॉ के बोल्ड होने का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। 

चोट से उबरने के बाद शॉ ने की है वापसी
बता दें कि शॉ ने करीब 6 महीने बाद मैदान पर वापसी की है। वो घुटने की चोट से जूझ रहे थे, जो उन्हें पिछले साल अगस्त में नॉर्थैप्टनशायर की तरफ से खेलते समय लगी थी। इसके बाद उन्होंने लंदन में सर्जरी कराई थी। इसके बाद उन्होंने तीन महीने का अपना रिहैब पूरा किया था। इसके बाद एनसीए ने उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलने के लिए फिट घोषित किया था।

यह भी पढ़ें: IPL 2024: 'धोनी संन्यास लें तो रोहित बन सकते हैं CSK के कप्तान, जानिए किसने आईपीएल 2024 से पहले ये बात

हालांकि, रणजी ट्रॉफी में वापसी के बाद से शॉ ने कई मुकाबलों में अच्छी शुरुआत की। लेकिन, उसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए हैं। उन्होंने वापसी के बाद से छत्तीसगढ़ के खिलाफ 159 रन ठोके थे और बड़ौदा के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में 87 रन की पारी खेली थी। 

5379487