Logo
election banner
PBKS vs DC IPL 2024 Match Report: पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2024 के अपने पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स को हराया। अपने नए होम ग्राउंड पर पंजाब ने आसानी से 175 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया।

नई दिल्ली। पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2024 का जीत से आगाज किया। अपने नए होम ग्राउंड महाराजा यदविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पंजाब ने दिल्ली कैपिटल्स को एक रोमांचक मुकाबले में 4 विकेट से हराया। दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब को 175 रन का टारगेट दिया था, जिसे पंजाब ने आखिरी ओवर में हासिल कर लिया। पंजाब की जीत के हीरो सैम करेन रहे। उन्होंने अर्धशतक जमाया। उनके अलावा लियाम लिविंगस्टोन ने भी 21 गेंद में नाबाद 38 रन बनाए। 

लियाम लिविंगस्टोन ने 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर छक्का मार पंजाब किंग्स को जीत दिलाई। इस जीत के बाद पंजाब किंग्स पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है। पंजाब किंग्स ने 175 रन का पीछा करते हुए 19वें ओवर में लगातार दो गेंदों पर सैम करेन और शशांक सिंह के विकेट गंवाए थे। करेन 47 गेंद में 63 रन की पारी खेल आउट हुए। अपनी इस पारी में उन्होंने 6 चौके और एक छक्का मारा था। लगातार दो विकेट गंवाने के बाद ऐसा लग रहा था कि दिल्ली कैपिटल्स की मैच में वापसी हो जाएगी। लेकिन, ऐसा नहीं हुआ। 

लिविंगस्टोन ने छक्का मारकर पंजाब को जिताया
आखिरी ओवर में दिल्ली कैपिटल्स को 6 गेंद में 6 रन चाहिए थे। लेकिन, दिल्ली के गेंदबाज सुमित कुमार दबाव में आ गए और पहली दोनों गेंद वाइड फेंकी। इसके बाद दिल्ली को 6 गेंद में 4 रन की दरकार थी और सुमित कुमार की अगली गेंद पर लियाम लिविंगस्टोन ने कोई रन नहीं लिया। लेकिन, दूसरी ही गेंद पर लिविंगस्टोन ने लंबा छक्का मार मैच खत्म कर दिया। 

सैम करेन ने भी 63 रन ठोके
इससे पहले, पंजाब किंग्स के लिए शिखर धवन और जॉनी बेयरस्टो ने संभली शुरुआत की थी। पंजाब को 34 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा था। इसके बाद बेयरस्टो भी जल्दी रन आउट हो गए थे। प्रभसिमरन सिंह और सैम करेन के बीच अच्छी साझेदारी हुई। लेकिन, 84 रन के स्कोर पर प्रभसिमरन भी आउट हो गए। पंजाब को 100 रन के स्कोर पर जितेश शर्मा के रूप में चौथा झटका लगा। लेकिन, लिविंगस्टोन और करेन ने पांचवें विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी। 

दिल्ली कैपिटल्स ने 174 रन बनाए थे
इससे पहले, दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी की थी और 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए थे। दिल्ली का स्कोर और कम हो सकता था। अगर आखिरी ओवर में दिल्ली के इम्पैक्ट प्लेयर अभिषेक पोरेल ने 25 रन नहीं कूटे होते। ये ओवर हर्षल पटेल ने फेंका था। उनके इस ओवर में पोरेल ने तीन चौके और 2 छक्के मारे थे। पोरेल 10 गेंद में नाबाद 32 रन बनाकर लौटे थे। इसी वजह से दिल्ली ने 20 ओवर में 174 रन का स्कोर खड़ा किया था। 

पंत कमबैक मैच में 18 रन बना पाए
अपने कमबैक मैच में ऋषभ पंत ने 13 गेंद में 18 रन ही बना सके। दिल्ली की तरफ से शाई होप ने सबसे अधिक 33 रन की पारी खेली थी। वहीं, पंजाब किंग्स की तरफ से हर्षल पटेल और अर्शदीप सिंह ने 2-2 विकेट लिए थे।  

5379487