नई दिल्ली। महेंद्र सिंह धोनी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में अपनी 4 गेंद पर 20 रन की आतिशी पारी से सबका दिल जीत लिया। आखिर में धोनी के ये 20 रन ही मुंबई इंडियंस पर भारी पड़े और उसे इतने ही अंतर से चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ घर में मैच गंवाना पड़ा। धोनी ने इस मैच में सीएसके की पारी की आखिरी 3 गेंदों पर तीन छक्के मारे और उनकी इस पारी की मदद से चेन्नई ने मुंबई को 207 रन का टागेट दिया। हालांकि, मैच के बाद उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसके बाद सीएसके टीम मैनेजमेंट और फैंस की चिंता जरूर बढ़ गई होगी। क्योंकि धोनी लंगड़ाते हुए नजर आए। इससे यही आशंका है कि उनके घुटने की चोट दोबारा उबर आई है। 

धोनी का एक वीडियो आय़ा है, जिसमें वो होटल लौटने के बाद लंगड़ाते नजर आ रहे हैं और उनके घुटने पर बैंडेज भी लगी दिखाई दी। चेन्नई की टीम जब फील्डिंग कर रही थी, तब सीएसके के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना ने धोनी के पैर पर गेंद मार दी थी। इसके बाद से ही धोनी तकलीफ में नजर थे। वह विकेटकीपिंग के दौरान लंगड़ाकर चल रहे थे। इसे देखकर उनके फैंस की टेंशन जरूर बढ़ गई होगी। 

चेन्नई सुपर किंग्स को अपना अगला मुकाबला 19 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलना है। इस मैच में धोनी खेलते नजर आएंगे या नहीं, इसको लेकर फिलहाल कुछ नहीं कहा जा सकता है। धोनी जिस तरह से लंगड़ाते नजर आए हैं, उससे तो यही लग रहा है कि वो शायद ही अगला मुकाबला खेलें। 

2023 सीज़न के फाइनल में, धोनी घुटने की चोट से संघर्ष कर रहे थे। उन्होंने मुंबई में चोट की सर्जरी करवाई थी, लेकिन ऐसा लगता है कि यह दिग्गज अभी भी संघर्ष कर रहा है लेकिन फ्रेंचाइजी के लिए खेलने के लिए प्रतिबद्ध है।