नई दिल्ली। महेंद्र सिंह धोनी की उम्र भले ही 42 साल हो गई है। लेकिन, फिटनेस के मामले में अभी भी धोनी युवाओं को चुनौती देते हैं। धोनी की फिटनेस की झलक गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में भी देखने को मिली। डेरिल मिचेल की एक बाहर निकलती गेंद पर विजय शंकर ने बल्ला अड़ाने की गलती कर दी। गेंद बल्ले का किनारा लेकर विकेट के पीछे गई। लेकिन, गेंद धोनी से दूर थी। इसके बावजूद उन्होंने गजब की तेजी दिखाते हुए करीब ढाई मीटर से अधिक स्ट्रेच करते हुए हवा में उड़कर कैच लपक लिया। इसके बाद चेपॉक में धोनी के नाम की गूंज सुनाई देने लगी। 

महेंद्र सिंह धोनी ने अगर इस कैच से सबका दिल जीत लिया तो फिर टीम इंडिया में उनके पूर्व साथी अजिंक्य रहाणे भी पीछे नहीं रहे। 35 साल की उम्र में रहाणे ने भी मैदान पर गजब की फुर्ती दिखाई और हवा में आगे की तरफ गोता लगाते हुए गुजरात टाइटंस के खतरनाक बैटर डेविड मिलर का हैरतअंगेज कैच लपका।

 

रहाणे ने लपका कमाल का कैच
मिलर ने जोरदार शॉट खेला था। गेंद तेजी से बाउंड्री की तरफ जा रही थी। लेकिन 35 साल के रहाणे ने आगे की तरफ छलांग लगाकर कमाल का कैच पकड़ लिया। इस हैरतअंगेज कैच को देखकर हर कोई दंग रह गया। अब धोनी और रहाणे के कैच ने सोशल मीडिया पर आग लगा दी है। 

चेन्नई सुपर किंग्स ने गुजरात को हराया
जहां तक चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच मैच की बात है तो चेन्नई ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 206 रन बनाए थे। 207 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस 20 ओवर में 8 विकेट पर 143 रन बना सकी और 63 रन से मैच हार गई।