नई दिल्ली। आईपीएल 2024 की शुरुआत शुक्रवार से होने जा रही है। इसी दिन दो टीमों गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स ने अपनी टीम में एक-एक बदलाव किया है। हालांकि, दोनों टीमों को ये बदलाव मजबूरी में करना पड़ा है। गुजरात टाइटंस ने अपने चोटिल विकेटकीपर रॉबिन मिंज के स्थान पर बीआर शरत को टीम से जोड़ा है। वहीं, राजस्थान रॉयल्स की तरफ से एडम जाम्पा इस सीजन में नहीं खेल पाएंगे। उन्होंने अचानक लीग से हटने का फैसला लिया है। उनके स्थान पर राजस्थान ने मुंबई के ऑलराउंडर तनुष कोटियन को टीम से जोड़ा है। 

बता दें कि रॉबिन मिंज को गुजरात टाइटंस ने आईपीएल नीलामी में 3.60 करोड़ रुपये में खरीदा था। लेकिन, इसी महीने की शुरुआत में उनका एक्सीडेंट हो गया था। उनकी सुपरबाइक कंट्रोल से बाहर हो गई थी और वो इस हादसे में बुरी तरह चोटिल हो गए थे। इसी वजह से मिंज आईपीएल से बाहर हो गए हैं। उनके स्थान पर गुजरात ने कर्नाटक की तरफ से खेलने वाले विकेटकीपर बैटर बीआर शरत को टीम में लिया है। उन्हें 20 लाख की बेस प्राइस पर गुजरात ने अपने साथ जोड़ा है। शरत ने अब तक 20 टी20 खेले हैं। इसके अलावा उन्होंने 43 लिस्ट ए और 20 फर्स्ट क्लास मैच भी खेले हैं। उन्होंने टी20 में 328 रन बनाए हैं। 
 
वहीं, राजस्थान ने लेग स्पिनर जाम्पा के स्थान पर तनुष कोटियन को टीम में शामिल किया है। तनुष ने हाल ही में मुंबई इंडियंस को 42वीं बार रणजी ट्रॉफी चैंपियन बनाने में अहम रोल निभाया था। उन्हें भी राजस्थान ने 20 लाख की बेस प्राइस में अपने साथ जोड़ा है। तनुष मुंबई के लिए 23 टी20, 26 फर्स्ट क्लास और 19 लिस्ट-ए मैच खेल चुके हैं।