Logo
election banner
SL vs BAN Test: श्रीलंका के कप्तान धनंजय डिसिल्वा ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट की दूसरी पारी में भी शतक ठोक दिया है। उन्होंने कुमार संगकारा के खास क्लब में एंट्री मारी है।

नई दिल्ली। श्रीलंका के कप्तान धनंजय डिसिल्वा ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ सिलहट में चल रहे पहले टेस्ट की दूसरी पारी में भी शतक ठोक दिया। उन्होंने टेस्ट के तीसरे दिन रविवार को ये उपलब्धि हासिल की। इसके साथ ही वो पिछले एक दशक में टेस्ट की दोनों पारियों में शतक ठोकने वाले श्रीलंका के पहले बैटर बने। उनसे पहले 2014 में कुमार संगाकारा ने ऐसा किया था। वैसे, वो ओवरऑल टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जमाने वाले श्रीलंका के छठे बैटर बने हैं। 

धनंजय डिसिल्वा से पहले श्रीलंका के लिए टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाने का कारनामा दिलीप मेंडिस, अशंका गुरुसिंघे, अरविंद डिसिल्वा (दो बार), तिलकरत्ने दिलशान और कुमार संगाकारा (2 बार) ने ऐसा किया था। दिलशान और संगाकारा के बाद धनंजय श्रीलंका के तीसरे ऐसे बैटर हैं, जिसने बांग्लादेश की धरती पर ये कारनामा किया है।

बांग्लादेश के खिलाफ दूसरी पारी में शतक जमाने के साथ ही धनंजय डिसिल्वा के टेस्ट क्रिकेट में 3500 रन भी पूरे हो गए हैं। अपना 53वां टेस्ट खेल रहे डिसिल्वा का औसत 40 का है और ये उनका 12 वां शतक है। वो बतौर कप्तान अपना दूसरा टेस्ट खेल रहे। उन्होंने घर के बाहर टेस्ट में 40 से अधिक की औसत से 1800 रन बनाए हैं। 

इससे पहले, धनंजय डिसिल्वा ने सिलहट टेस्ट की पहली पारी में भी 131 गेंद में 102 रन की पारी खेली थी। अपनी इस पारी में उन्होंने 12 चौके और एक छक्का मारा था। इस पारी के दौरान उन्होंने कामिंदु मेंडिस के साथ छठे विकेट के लिए 202 रन जोड़े थे। बांग्लादेश के खिलाफ डिसिल्वा का रिकॉर्ड शानदार है। उन्होंने अबतक 8 टेस्ट में 55 की औसत से 780 रन बनाए हैं। ये बांग्लादेश के खिलाफ उनका चौथा शतक है। 

5379487