Logo
election banner
IPL 2024 Sarfaraz Khan: इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में खेले गए तीसरे टेस्ट में सरफराज खान ने ड्रीम डेब्यू किया। अनिल कुंबले ने जैसे ही उन्हें डेब्यू कैप सौंपी, वह भारत की ओर से टेस्ट खेलने वाले 311वें खिलाड़ी बन गए।

IPL 2024 Sarfaraz Khan: इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में खेले गए तीसरे टेस्ट में सरफराज खान (Sarfaraz Khan) ने ड्रीम डेब्यू किया। अनिल कुंबले ने जैसे ही उन्हें डेब्यू कैप सौंपी, वह भारत की ओर से टेस्ट डेब्यू करने वाले 311वें खिलाड़ी बन गए। अपने डेब्यू टेस्ट में ही सरफराज ने खास कीर्तिमान स्थापित किया। वह डेब्यू टेस्ट की दोनों पारियों में अर्धशतक लगाने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बने। टेस्ट में सरफराज ने बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी की। उनकी बैटिंग देखकर कभी भी ऐसा नहीं लगा कि वह अपना डेब्यू मुकाबला खेल रहे हैं। उन्होंने इंग्लिश गेंदबाजों की जमकर खबर ली और बड़े-बड़े शॉट लगाए। सरफराज के इस प्रदर्शन को देखने के बाद कुछ IPL फ्रेंचाइजी ने उन्हे अपने साथ जोड़ने में रुचि दिखाई है। 

ये फ्रेंचाइजी रेस में

खबरों की मानें तो 3 IPL फ्रेंचाइजी सरफराज को मोटी रकम देने के लिए तैयार हैं। इनमें राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस शामिल हैं। IPL 2024 के लिए पिछले साल दिसंबर में मिनी ऑक्शन हुआ था। इस नीलामी में सरफराज खान अनसोल्ड रहे थे। वह पिछले सीजन दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे। हालांकि, इस दौरान उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। ऐसे में मिनी ऑक्शन से पहले DC ने उन्हें रिलीज कर दिया था।

ये भी पढ़ें: IPL 2024: शेड्यूल को लेकर बड़ी जानकारी आई सामने, लोकसभा चुनाव के कारण कार्यक्रम में होंगे ये बदलाव

गुजरात टाइटंस
गुजरात टाइटंस ने हार्दिक पांड्या के संभावित रिप्लेसमेंट के रूप में अफगानिस्तान के ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई को साइन किया, लेकिन वह एक विदेश ऑप्शन हैं। उनके पास शाहरुख खान और अभिनव मनोहर का विकल्प है, लेकिन वे मुख्य रूप से फिनिशर के रूप में खेले हैं। जबकि सरफराज खान मिडिल ऑर्डर में अच्छा विकल्प हो सकते हैं। उन्हें मिडिल ऑर्डर में विजय शंकर के बैकअप के रूप में देखा जा रहा है। 

राजस्थान रॉयल्स
राजस्थान रॉयल्स के लिए अच्छी खबर यह है कि रियान पराग ने घरेलू सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है। ऐसे में उनसे उम्मीद की जाएगी कि वह इस साल IPL में भी बल्ले से कमाल दिखाए। राजस्थान मिडिल ऑर्डर में बैकअप के रूप में सरफराज खान को अपने साथ जोड़ सकता है। IPL में रियान पराग लगातार फेल रहे हैं। उन्होंने 54 मैच की 44 पारियों में मात्र 16.22 की औसत से 600 रन बनाए हैं। 

चेन्नई सुपर किंग्स
सरफराज खान स्पिनर्स को अच्छा खेलते हैं। ऐसे में चेन्नई के घरेलू मैदान चेपॉक की टर्न वाली पिच पर वह काफी उपयोगी साबित हो सकते हैं। महेंद्र सिंह धोनी के पास भी खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कराने का ट्रैक रिकॉर्ड है। पिछले सीजन में शिवम दुबे और अजिंक्य रहाणे जैसे खिलाड़ी इसका उदाहरण हैं। अंबाती रायडू के रिटायर होने के बाद सरफराज खान CSK के लिए अच्छा विकल्प हो सकते हैं। फ्रेंचाइजी के पास शेख रशीद जैसे युवा खिलाड़ी हैं, लेकिन सरफराज का घरेलू अनुभव CSK के लिए महत्वपूर्ण हो सकता था।

कैसे मिल सकती IPL में एंट्री

सवाल यह उठता है कि ऑक्शन में अनसोल्ड रहने वाले सरफराज को IPL में कैसे एंट्री मिल सकती है। ट्रेड विंडो बंद होने के कारण अब कोई भी फ्रेंचाइजी ट्रेड के माध्यम से सरफराज को नहीं खरीद सकती है। ऐसे में बस एक ही तरीका है जिससे सरफराज IPL का 17वां सीजन खेल सकते हैं। अगर किसी टीम का कोई खिलाड़ी लीग शुरू होने से पहले या लीग के दौरान चोटिल हो जाता है तो वह फ्रेंचाइजी उस खिलाड़ी के रिप्लेसमेंट के तौर पर सरफराज को अपने साथ जोड़ सकती है।

IPL में प्रदर्शन
राजकोट में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए तीसरे टेस्ट में सरफराज का प्रदर्शन उम्दा रहा। उन्होंने पहली पारी में 66 गेंदों पर 62 रन बनाए। दूसरी पारी में वह 72 गेंदों पर 68 रन बनाकर नाबाद रहे। आईपीएल की बात करें तो सरफराज 2015 से लीग का हिस्सा हैं। उन्होंने अब तक खेले 50 मैच की 37 पारियों में 22.50 की औसत और 130.58 की स्ट्राइक रेट से 585 रन बनाए हैं। इस दौरान सरफराज ने 1 अर्धशतक भी लगाया है। 

ये भी पढ़ें: IPL 2024: CSK को लगा तगड़ा झटका, बड़े टूर्नामेंट से बाहर हुआ यह स्टार ऑलराउंडर

5379487