नई दिल्ली। आईपीएल 2024 में अगर किसी अनकैप्ड भारतीय ने अपनी बल्लेबाजी से सबसे ज्यादा प्रभावित किया है तो वो हैं सनराइजर्स हैदराबाद के ओपनर अभिषेक शर्मा। अभिषेक ने इस सीजन में अबतक जबरदस्त बल्लेबाजी की है। हेनरिक क्लासेन के बाद इस सीजन में सबसे अधिक 26 छक्के अभिषेक ने ही उड़ाए हैं। सबसे अधिक छक्के मारने वाले टॉप-5 बैटर्स में सबसे अधिक स्ट्राइक रेट भी अभिषेक का है। उन्होंने आईपीएल 2024 में 218 के स्ट्राइक रेट से रन ठोके हैं। इसके बावजूद अभिषेक को तैयार करने में अहम रोल निभाने वाले युवराज सिंह को लगता है कि अभी भी वो टीम इंडिया के लिए तैयार नहीं हैं। उन्हें भारत की तरफ से खेलने से पहले और परिपक्व होना पड़ेगा। 

क्रिकबज के मुताबिक, युवराज सिंह से टी20 विश्व कप के लिए टीम इंडिया में अभिषेक शर्मा के चुने जाने को लेकर सवाल किया गया तो इस पर उन्होंने कहा, "अभिषेक काफी करीब हैं। लेकिन, मुझे नहीं लगता है कि वो अभी टी20 विश्व कप के लिए तैयार हैं। विश्व कप के लिए हमें एक अनुभवी टीम चुननी होगी। विश्व कप के बाद अभिषेक को भारत की तरफ से खेलने के लिए तैयार रहना चाहिए। आने वाले 6 महीने अभिषेक के लिए बेहद अहम होंगे।"

युवराज ने आगे कहा कि अभिषेक का प्रदर्शन यकीनन अच्छा रहा है। खासतौर पर उनका स्ट्राइक रेट कमाल का रहा है। लेकिन, वो बड़े स्कोर नहीं बना पाए हैं। अगर आपको टीम इंडिया के लिए खेलना है तो स्ट्राइक रेट के साथ बड़ा स्कोर भी बनाना होगा। आपको भारतीय टीम का दरवाजा खटखटाने के लिए कुछ बड़ी पारियां भी खेलनी होंगी। 

अभिषेक ने आईपीएल 2024 में अबतक 8 मैच में 288 रन बनाए हैं। उन्होंने एक अर्धशतक जमाया है। 21 चौके लगाए हैं और 26 छक्के उन्होंने मारे हैं।