Virat Kohli Video: आईपीएल 2026 शुरू होने में अभी कुछ वक्त है, लेकिन विराट कोहली ने अपने एक छोटे से वीडियो से फैंस का उत्साह पहले ही बढ़ा दिया है। कोहली ने इंस्टाग्राम पर 61 सेकेंड का ट्रेनिंग वीडियो शेयर किया, जिसमें वह नेट्स में बैटिंग प्रैक्टिस करते नजर आ रहे। वीडियो छोटा जरूर है, लेकिन इसने सोशल मीडिया पर आईपीएल को लेकर माहौल जरूर बना दिया।
कोहली ने यह रील अपने वेरिफाइड इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट की। कैप्शन भी बहुत साधारण था-IPL 2026। लेकिन इस छोटे से कैप्शन और ट्रेनिंग क्लिप ने फैंस को साफ संकेत दे दिया कि आईपीएल का नया सीजन अब दूर नहीं है और कोहली पूरी तरह तैयारी में जुट चुके हैं।
वीडियो में कोहली पूरी बैटिंग किट में इंडोर नेट सेशन करते दिखाई देते हैं। वह पहले शैडो प्रैक्टिस करते हैं, फिर क्रीज पर सेट होते हैं और इसके बाद कई तरह के शॉट खेलते नजर आते हैं। यह क्लिप भले ही ज्यादा कुछ सीधे तौर पर नहीं बताती, लेकिन इतना जरूर दिखाती है कि कोहली अब मैच मोड में लौट रहे।
इस वीडियो का समय भी खास है। दरअसल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस बार आईपीएल में अलग स्थिति में उतरने वाली है। टीम अब सिर्फ खिताब की दावेदार नहीं, बल्कि डिफेंडिंग चैंपियन है। पिछले सीजन यानी आईपीएल 2025 फाइनल में आरसीबी ने पंजाब किंग्स को 6 रन से हराकर फ्रेंचाइज़ी इतिहास का पहला खिताब जीता था।
इस जीत ने टीम की पहचान ही बदल दी। सालों तक ट्रॉफी का इंतजार करने वाली आरसीबी अब चैंपियन बन चुकी है। ऐसे में इस बार टीम पर दबाव भी ज्यादा होगा, क्योंकि अब उन्हें टाइटल डिफेंड करना है। यही वजह है कि कोहली का यह ट्रेनिंग वीडियो और भी ज्यादा चर्चा में आ गया है। कोहली का कोई भी ट्रेनिंग क्लिप वैसे भी फैंस का ध्यान खींचता है, लेकिन इस बार इसकी अहमियत थोड़ी ज्यादा है क्योंकि टीम अब एक चैंपियन की तरह मैदान में उतरेगी।
वीडियो में कोई बड़ा बयान नहीं है, कोई लंबा मैसेज नहीं है। सिर्फ नेट प्रैक्टिस की झलक और एक छोटा सा कैप्शन। लेकिन कोहली जैसे खिलाड़ी के लिए इतना ही काफी होता है कि फैंस तुरंत एक्टिव हो जाएं। पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर फैंस के रिएक्शन भी उसी अंदाज में आए। कहीं एक्साइटमेंट दिखा, कहीं लोगों ने स्क्रीनशॉट और स्लो-मोशन क्लिप शेयर किए। कई फैंस ने इसे आईपीएल काउंटडाउन की शुरुआत भी बताया।