Vignesh Puthur ruled out of ipl 2025: मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के शेष मुकाबलों के लिए लेग स्पिनर रघु शर्मा को टीम में शामिल किया है। रघु को टीम में विग्नेश पुथुर के चोटिल होने के बाद रिप्लेसमेंट के रूप में चुना गया है। विग्नेश ने अपने आईपीएल डेब्यू मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ कमाल की गेंदबाजी की थी और 4 विकेट झटके थे।
31 वर्षीय रघु शर्मा, जालंधर से ताल्लुक रखते हैं और घरेलू क्रिकेट में पंजाब और पुडुचेरी की ओर से खेल चुके हैं। यह उनका पहला IPL अनुभव होगा, जिससे उनके करियर को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। उन्हें रु. 30 लाख के बेस प्राइस पर RAPP सूची से चुना गया है।
रघु का अच्छा फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड
रघु शर्मा का फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में रिकॉर्ड बेहद शानदार है। उन्होंने अब तक 11 मुकाबलों में 57 विकेट झटके हैं, वो भी 19.59 की औसत से। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 7/56 रहा है। इसके अलावा, उन्होंने 9 लिस्ट ए मैचों में 14 विकेट और 3 T20 मुकाबलों में 3 विकेट भी हासिल किए हैं।
मुंबई इंडियंस को IPL 2025 के मौजूदा सीज़न में अपनी गेंदबाज़ी में विविधता की जरूरत थी, और रघु शर्मा जैसे अनुभवी घरेलू खिलाड़ी की एंट्री से टीम को मिडिल ओवर्स में एक मजबूत विकल्प मिल सकता है।
टीम में पहले से ही जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट जैसे तेज गेंदबाज मौजूद हैं, ऐसे में रघु शर्मा स्पिन विभाग को मजबूती देंगे और पिच की परिस्थिति के अनुसार कप्तान हार्दिक पंड्या को रणनीतिक लचीलापन देंगे। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या रघु शर्मा को सीधे प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है या उन्हें टीम में धीरे-धीरे शामिल किया जाएगा।