AFG vs NZ Highlights: न्यूजीलैंड ने चेन्नई के चेपॉक मैदान पर खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप ऑफ डेथ मुकाबले में अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराया। टिम साइफर्ट और ग्लेन फिलिप्स की आक्रामक पारियों ने अफगानिस्तान के स्पिन आक्रमण की धार कुंद कर दी और कीवी टीम ने 13 गेंद पहले ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इस ग्रुप में साउथ अफ्रीका जैसी मजबूत टीम भी शामिल है, इसलिए यह जीत न्यूजीलैंड के लिए बेहद अहम मानी जा रही। ये न्यूजीलैंड का टी20 विश्व कप के इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज है। 

पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 20 ओवर में 182/6 का स्कोर खड़ा किया था। शुरुआत में रहमानुल्लाह गुरबाज ने कुछ आकर्षक शॉट लगाए लेकिन लॉकी फर्ग्यूसन ने अपनी पहली ही ओवर में इब्राहिम जादरान और गुरबाज को आउट कर मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने हार्ड लेंथ गेंदों के साथ 122 किमी प्रति घंटे की लेग कटर और 140 किमी से ज्यादा की रफ्तार दिखाकर बल्लेबाजों को परेशान किया।

नईब का अर्धशतक गया बेकार

इसके बाद गुलबदीन नईब ने नंबर 3 पर उतरकर शानदार 35 गेंदों में 63 रन ठोके। एक समय वह 16 गेंद में 18 रन पर थे लेकिन ग्लेन फिलिप्स की गेंद पर लंबा छक्का मारते ही उनका आत्मविश्वास बढ़ गया। सदीकुल्लाह अटल के साथ मिलकर उन्होंने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि जैकब डफी ने अटल को आउट कर साझेदारी तोड़ी जबकि रचिन रवींद्र ने नईब को पवेलियन भेजा। आखिर में दरविश रसूली और अजमतुल्लाह उमरजई की छोटी लेकिन तेज पारियों ने अफगानिस्तान को 180 के पार पहुंचाया।

न्यूजीलैंड ने 2 गेंद में 2 विकेट गंवाए थे

लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। मुजीब उर रहमान ने दूसरे ही ओवर में फिन एलेन और रचिन रवींद्र को लगातार गेंदों पर आउट कर कीवी टीम को 14/2 पर ला दिया। लेकिन टिम साइफर्ट ने आक्रामक अंदाज बनाए रखा और पावरप्ले में टीम के लिए तेजी से रन जोड़े। उन्होंने फजलहक फारूकी पर जमकर हमला किया।

पावरप्ले के बाद ग्लेन फिलिप्स ने राशिद खान पर लगातार बड़े शॉट जड़कर मैच का रुख बदल दिया। फिलिप्स ने 42 रन बनाए जबकि साइफर्ट ने 42 गेंदों में 65 रन की शानदार पारी खेली। इनके आउट होने के बाद कप्तान मिचेल सैंटनर और डैरिल मिशेल ने संयम से बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिलाई।