टी20 विश्व कप 2026 का आगाज आज से हो रहा है। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट के पहले दिन क्रिकेट फैंस को तीन मुकाबले देखने को मिलेंगे।
भारतीय टीम को टूर्नामेंट शुरू होने से पहले झटका लगा है। पेस ऑलराउंडर हर्षित राणा चोट के कारण बाहर हो गए हैं, जिनकी जगह अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया गया है।
टी20 विश्व कप 2026 का पहला मुकाबला पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 11 बजे कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में शुरू होगा।
The #T20WorldCup is HERE with all the action getting underway from 11AM IST 🤩
— ICC (@ICC) February 7, 2026
Click the link to find out how to watch 👉 https://t.co/NPykWM7qqY pic.twitter.com/nUSGLP3KFF
दिन का दूसरा मुकाबला वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड के बीच होगा, जो दोपहर 3 बजे कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा।
भारतीय क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत संयुक्त राज्य अमेरिका के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला शाम 7 बजे मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।
भारतीय टीम को शुरुआती झटका
विश्व कप शुरू होने से ठीक पहले भारतीय टीम को झटका लगा है। पेस-बॉलिंग ऑलराउंडर हर्षित राणा 4 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए वार्म-अप मैच के दौरान घुटने में चोटिल हो गए थे, जिसके कारण उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा है।
ICC Men's T20 World Cup 2026 की इवेंट टेक्निकल कमिटी ने अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को हर्षित राणा के स्थान पर भारतीय टीम में शामिल करने की मंजूरी दी है। सिराज इससे पहले टी20 विश्व कप 2024 जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे हैं।
टूर्नामेंट से जुड़ी अहम बातें
सुरक्षा कारणों के चलते बांग्लादेश ने टी20 विश्व कप 2026 में भाग लेने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया गया।
वहीं पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश के समर्थन में ग्रुप स्टेज में भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले के बहिष्कार की बात कही है।
ग्रुप और फॉर्मेट
इस बार टी20 विश्व कप में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं। डिफेंडिंग चैंपियन भारत को ग्रुप A में संयुक्त राज्य अमेरिका, पाकिस्तान, नामीबिया और नीदरलैंड के साथ रखा गया है।
प्रत्येक ग्रुप में पांच टीमें हैं। लीग स्टेज के बाद सुपर-8 मुकाबले खेले जाएंगे, जिसके बाद नॉकआउट चरण शुरू होगा।
नॉकआउट शेड्यूल
- पहला सेमीफाइनल: 4 मार्च
- दूसरा सेमीफाइनल: 5 मार्च
- फाइनल मुकाबला: 8 मार्च










