टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच खेले जा रहे रोमांचक मुकाबले से हुई। यह मैच सिंहली स्पोर्ट्स क्लब, कोलंबो में खेला जा रहा है, जहां पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया।
मुकाबले की पहली ही गेंद पर नीदरलैंड के सलामी बल्लेबाज़ माइकल लेविट ने शाहीन अफरीदी की गेंद को स्क्वायर लेग की दिशा में फ्लिक करते हुए शानदार चौका जड़ा। इसी के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत धमाकेदार अंदाज़ में हुई। टी20 विश्व कप के इतिहास में यह पांचवीं बार है जब टूर्नामेंट की पहली गेंद पर चौका लगा है।
इससे पहले 2007 में क्रिस गेल, 2009 में इंग्लैंड के रवि बोपारा (नीदरलैंड के खिलाफ), 2012 में तिलकरत्ने दिलशान और 2024 में कनाडा के आरोन जॉनसन टूर्नामेंट की पहली गेंद पर चौका जड़ चुके हैं।
लेविट ने मैक्स ओ’डॉउड के साथ मिलकर नीदरलैंड को तेज शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच 3.1 ओवर में 28 रन की साझेदारी हुई। ओ’डॉउड 7 गेंदों पर 5 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद भी लेविट ने आक्रामक रुख बनाए रखा और 15 गेंदों में 24 रन की पारी खेली, जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल रहा।
हालांकि बाबर आज़म और शाहीन अफरीदी की शानदार रिले कैच के चलते लेविट की पारी का अंत हुआ। नीदरलैंड को दूसरा झटका 31 रन के स्कोर पर लगा।
इसके बाद बास डी लीडे और कॉलिन एकरमैन ने तीसरे विकेट के लिए 22 गेंदों में 34 रन जोड़कर पारी को संभाला।
नीदरलैंड की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक इरादे दिखाए, लेकिन पाकिस्तानी गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर दबाव बनाए रखा और 147 रन पर नीदरलैंड को समेट दिया।
पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन (कप्तान: सलमान आगा)
सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान आगा, बाबर आज़म, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज़, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, सलमान मिर्जा, अबरार अहमद।
नीदरलैंड की प्लेइंग इलेवन (कप्तान: स्कॉट एडवर्ड्स)
माइकल लेविट, मैक्स ओ’डॉउड, बास डी लीडे, कॉलिन एकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (विकेटकीपर), जैच लायन कैचेट, लोगान वैन बीक, रूलोफ वैन डेर मेरवे, आर्यन दत्त, काइल क्लेन, पॉल वैन मीकेरेन।
टी20 विश्व कप 2026 के पहले दिन कुल तीन मुकाबले खेले जा रहे हैं। इस मैच के बाद कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड आमने-सामने होंगे, जबकि दिन का तीसरा और सबसे चर्चित मुकाबला भारत और यूएसए के बीच खेला जाएगा। पहले ही मैच में एसोसिएट टीम के बेखौफ खेल ने साफ कर दिया है कि यह टूर्नामेंट हर गेंद पर रोमांच से भरा रहने वाला है।










