Mohammed Siraj Comeback: मोहम्मद सिराज टी20 विश्व कप के मुख्य स्क्वॉड में भी शामिल नहीं थे लेकिन हर्षित राणा के चोटिल होने के कारण मौका मिला और वो अमेरिका के खिलाफ मैच में जीत के हीरो रहे। मैच के बाद सिराज ने टीम इंडिया में वापसी पर खुलकर बात की। 

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अमेरिका के खिलाफ भारत की जीत के नायक बने मोहम्मद सिराज के लिए बीते 24 घंटे किसी सपने से कम नहीं रहे। अचानक टीम इंडिया में बुलावा, छुट्टियों का प्लान रद्द और सीधे मैच में उतरकर विकेटों की झड़ी, सिराज की कहानी फिल्मी लगती है। अमेरिका के खिलाफ मुकाबले के बाद सिराज ने खुलकर बताया कि कैसे एक फोन कॉल ने उनकी पूरी प्लानिंग बदल दी।

सिराज को हर्षित की जगह मौका मिला

हैदराबाद के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को चोटिल हर्षित राणा की जगह सिर्फ 24 घंटे पहले ही भारतीय स्क्वॉड में शामिल किया गया था। इसके बाद जब जसप्रीत बुमराह बुखार के कारण पहला मैच नहीं खेल पाए, तो सिराज को सीधे प्लेइंग-11 में उतार दिया गया। उन्होंने इस मौके को दोनों हाथों से लपका और 3 विकेट लेकर भारत के सबसे सफल गेंदबाज बने।

19 महीने बाद टी20 मैच खेला

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 161 रन बनाए। जवाब में अमेरिका की टीम 132/8 तक ही पहुंच सकी। सिराज ने 3/29 का शानदार स्पेल डालकर भारत को 29 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। यह उनका 19 महीने बाद पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच था।

सूर्या के एक फोन कॉल से सब बदला

सिराज ने मैच के बाद स्टार स्पोर्ट्स से कहा, 'मैच से 2 दिन पहले मुझे सूर्या भाई (सूर्यकुमार) का फोन आया। उन्होंने कहा कि मियां, तैयार हो जाओ, बैग पैक करो और आ जाओ। मैंने इस पर कहा कि सूर्या भाई, अभी मजाक मत करो। आप बहुत मजाक करते हो लेकिन ऐसी बात पर मत करो। उन्होंने कहा कि मैं अभी सीरियस हूं बैग पैक करो और आ जाओ। बाद में ओझा भाई (प्रज्ञान ओझा) का भी फोन आया, उन्होंने भी कहा कि तैयार रहो. तब जाकर मुझे यकीन हुआ।'

टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड में शुरू में जगह न मिलने के बाद सिराज ने स्पेन जाने और अपनी पसंदीदा फुटबॉल टीम रियल मैड्रिड का मैच देखने का प्लान बना लिया था। 15 फरवरी को मैच देखना था, फिर रमजान को ध्यान में रखते हुए आगे की प्लानिंग थी। लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर था।

क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बड़े फैन सिराज के मोबाइल वॉलपेपर से लेकर विकेट लेने के बाद का सिउ सेलिब्रेशन तक, सब कुछ उनके फुटबॉल प्रेम को दिखाता है। अब भारत का अगला मुकाबला नामीबिया से नई दिल्ली में है, और सिराज एक बार फिर खुद को साबित करने के लिए तैयार हैं।